
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संदीप कुमार ने गत शनिवार को जनपद के सदर ब्लॉक अंतर्गत आने वाले पांच परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की भौतिक स्थिति, छात्र उपस्थिति, पठन-पाठन का स्तर, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता तथा बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां अधिकांश विद्यालयों में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, वहीं विभागीय निर्देशों के पालन में लापरवाही बरतने पर प्राथमिक विद्यालय चांदपुर-2 के संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध पृथक से विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
निरीक्षण की शुरुआत उच्च प्राथमिक विद्यालय (1-8) मखियाली से हुई, जहां उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में सहायक अध्यापिकाएं सीमा गर्ग, किरन सिंह व पूजा गाबा आकस्मिक अवकाश पर, जागृति (स०अ०) बाल्य देखभाल अवकाश पर तथा मीनाक्षी (शिक्षामित्र) अवैतनिक अवकाश पर पाई गईं, जबकि शेष स्टाफ उपस्थित मिला। विद्यालय में नामांकित कुल 478 बच्चों के सापेक्ष 345 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यहां पेयजल हेतु हैंडपंप व सबमर्सिबल तथा बालक-बालिका शौचालय पूरी तरह क्रियाशील मिले। अधिकांश बच्चे यूनिफॉर्म में पाए गए और एमडीएम निर्धारित मेनू के अनुसार बनता मिला। विद्यालय की भौतिक स्थिति व शैक्षिक स्तर संतोषजनक दर्ज किया गया।
इसके पश्चात प्राथमिक विद्यालय चांदपुर-2 के निरीक्षण में सहायक अध्यापिका संगीता त्यागी आकस्मिक अवकाश पर मिलीं। विद्यालय में पंजीकृत 55 बच्चों के सापेक्ष 25 बच्चे उपस्थित पाए गए। बीएसए ने कक्षाओं में निपुण लक्ष्य व तालिका चस्पा कराने के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि शासन द्वारा दिए गए टैबलेट का प्रयोग बच्चों की उपस्थिति दर्ज करने और 13 पंजिकाओं को डिजिटल अपलोड करने जैसे आवश्यक कार्यों के लिए नहीं किया जा रहा था, जिस पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, परिसर में स्थित उच्च विद्यालय (1-8) चांदपुर में समस्त स्टाफ उपस्थित मिला, जहां 103 पंजीकृत बच्चों में से 73 उपस्थित रहे। बीएसए ने विद्यालय इंचार्ज को कक्षाओं में निपुण तालिका चस्पा करने और शौचालय व परिसर की नियमित साफ-सफाई के कड़े निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय हरीनगर के निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक शिप्रा भारती चिकित्सा अवकाश पर पाई गईं, जबकि शेष स्टाफ मौजूद था। पंजीकृत 106 बच्चों के सापेक्ष 46 छात्र उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के कारण कई बच्चे बाहर गए हुए हैं, जिससे उपस्थिति कम रही। अंत में प्राथमिक विद्यालय रुस्तमगढ़ (मजरा कुकड़ा) के निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक रूपाली आकस्मिक अवकाश और प्रीति चिकित्सा अवकाश पर मिलीं। 152 नामांकित बच्चों के सापेक्ष 55 बच्चे उपस्थित पाए गए, जिसका कारण भी त्योहार के सिलसिले में बच्चों का बाहर जाना बताया गया। निरीक्षण किए गए सभी विद्यालयों में पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्थाएं सुचारू पाई गईं तथा एमडीएम तय मानक के अनुसार बनता मिला।
Post Views: 239













Total views : 407187