
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने जॉनसन लिफ्ट्स को ठेके में तय की 3 साल तक मेंटेनेंस की जिम्मेदारी
लोकपथ लाइव, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार और यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) ने एक बड़ा कदम उठाया है। यूपीएमआरसी ने राज्य की तीन प्रमुख मेट्रो प्रणालियों लखनऊ मेट्रो, कानपुर मेट्रो और आगरा मेट्रोके लिए भारी-भरकम (हेवी-ड्यूटी) लिफ्ट और एस्केलेटर की आपूर्ति, स्थापना और कमीशनिंग का ठेका औपचारिक रूप से जारी कर दिया है।


उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने ₹89.61 करोड़ रुपये मूल्य का यह महत्वपूर्ण अनुबंध ‘जॉनसन लिफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ को सौंपा गया है। टेंडर प्रक्रिया के दौरान कंपनी एकल बोलीदाता के रूप में उभरी थी, जिसके बाद वित्तीय और तकनीकी मूल्यांकन के आधार पर इसे अंतिम मंजूरी दी गई।

तीन शहरों में मेट्रो विस्तार को मिलेगी नई रफ्तार
लखनऊ में चल रहे रूट के अपग्रेडेशन और कानपुर व आगरा में तेजी से बन रहे नए कॉरिडोर्स के लिए यह ठेका बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्टेशन पर एस्केलेटर और लिफ्ट लगने से सिविल कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों के लिए सेवाओं को समय पर शुरू करने में मदद मिलेगी। यूपीएमआरसी अधिकारियों के अनुसार, इस कदम से तीनों शहरों में मेट्रो परिचालन अधिक सुरक्षित, आधुनिक और सुगम बनेगा।
स्टेशनों पर लगेंगी हेवी-ड्यूटी मशीन रूम-लेस लिफ्टें
इस प्रोजेक्ट के तहत जॉनसन लिफ्ट्स तीनों शहरों के मेट्रो स्टेशनों पर विश्वस्तरीय और भारी क्षमता वाली एस्केलेटर और मशीन रूम-लेस (MRL) लिफ्ट्स की सप्लाई, डिजाइनिंग, टेस्टिंग और कमीशनिंग का काम करेगी। ये लिफ्ट और एस्केलेटर विशेष रूप से मेट्रो स्टेशनों पर आने वाली दैनिक यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएंगे, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और दैनिक यात्रियों को आवाजाही में कोई परेशानी न हो।
तीन साल की मेंटेनेंस गारंटी भी अनुबंध में शामिल
टेंडर की शर्तों के मुताबिक, अनुबंध केवल मशीनों को स्थापित करने तक सीमित नहीं है। इसमें यात्रियों की सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए लंबी अवधि का मेंटेनेंस प्लान भी जोड़ा गया है:
2 साल का डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (DLP): कमीशनिंग के बाद शुरुआती दो वर्षों तक किसी भी तकनीकी खराबी या मरम्मत की पूरी जिम्मेदारी जॉनसन लिफ्ट्स की होगी।
1 साल का व्यापक रखरखाव (CAMC): DLP अवधि समाप्त होने के तुरंत बाद एक अतिरिक्त वर्ष के लिए ‘कंप्रिहेंसिव एनुअल मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट’ लागू रहेगा।











Total views : 405358