
लोकपथ लाइव, पिथौरागढ़। कुमाऊं की पहाड़ियों से निकलकर मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने वाले गौरव वर्मा का सफर अब एक नए मुकाम पर पहुंच गया है। छोटे से शहर से बड़े सपने लेकर निकले गौरव ने फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखते हुए शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के साथ करीब नौ साल काम किया। अब इसी लंबे अनुभव के दम पर वह अपने प्रोडक्शन बैनर अवनिका फिल्म्स की पहली फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ लेकर दर्शकों के बीच पहुंचने की तैयारी में हैं।
गौरव ने रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के साथ अपने कार्यकाल के दौरान ‘जवान’, ‘डार्लिंग्स’, ‘भक्षक’, ‘बदला’, ‘लव हॉस्टल’, ‘बॉब बिस्वास’, ‘क्लास ऑफ 83’, ‘कामयाब’ और ‘इत्तेफाक’ जैसी फिल्मों के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान उन्हें शाहरुख खान के साथ काम करने के अलावा बॉबी देओल, अभिषेक बच्चन, अमिताभ बच्चन, तापसी पन्नू, आलिया भट्ट, शेफाली शाह, विजय वर्मा और सान्या मल्होत्रा समेत कई बड़े कलाकारों के साथ काम करने का अवसर मिला। अलग-अलग विषयों और कहानियों पर बनी फिल्मों के साथ काम करते हुए गौरव ने निर्माता के तौर पर फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझा।
अब गौरव ने अपने इसी अनुभव को अवनिका फिल्म्स के जरिए आगे बढ़ाया है। इस बैनर की पहली फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ है, जिसमें वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अपूर्व सिंह कार्की ने किया है। फिल्म का टीजर सामने आने के बाद इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ी है। कहानी और हास्य अंदाज की झलक ने सोशल मीडिया पर भी फिल्म को चर्चा में ला दिया है।
गौरव वर्मा के लिए ‘प्रेम कीटाणु’ महज एक फिल्म नहीं, बल्कि उनके लंबे फिल्मी सफर का नया अध्याय है। पिथौरागढ़ से शुरू हुआ सफर मुंबई पहुंचा, जहां उन्होंने देश के बड़े कलाकारों और फिल्मकारों के साथ काम करते हुए अनुभव हासिल किया और अब उसी अनुभव को अपनी कंपनी के बैनर तले साकार कर रहे हैं। 2 अक्टूबर को ‘प्रेम कीटाणु’ के सिनेमाघरों में पहुंचने के साथ गौरव की निर्माता के तौर पर नई पारी शुरू होगी। छोटे शहरों से बड़े सपने लेकर निकलने वाले युवाओं के लिए उनकी यह यात्रा मेहनत, सीख और निरंतर आगे बढ़ने की मिसाल भी बन रही है।
Post Views: 92













Total views : 402988