
शिवसेना नेता अपनी पत्नी के साथ मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था
लोकपथ लाइव, वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर) के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। आजमगढ़ निवासी एक यात्री के ट्रैवलिंग बैग से मिली लाइसेंसी पिस्टल की जांच और कारतूसों की गिनती के दौरान अचानक एक राउंड गोली चल गई। इस घटना में एयरपोर्ट सुरक्षा में तैनात ‘एएआईसीएलएएस’ (एयरपोर्ट सुरक्षा) के दो सुरक्षा सहायक घायल हो गए। फायरिंग होते ही एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


ट्रैवलिंग बैग में भूलवश रह गई थी पिस्टल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ गांव निवासी कमलेश राय (55 वर्ष), पुत्र केदारनाथ राय, अपनी पत्नी सुषमा राय (50 वर्ष) के साथ रविवार सुबह मुंबई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। बताया गया कि उनके ट्रैवलिंग बैग में उनकी लाइसेंसी पिस्टल भूलवश रह गई थी। सुरक्षा जांच (एक्स-रे/चेकिंग) के दौरान बैग में पिस्टल होने की पुष्टि हुई। इसके बाद नियमानुसार हथियार को विमान में ले जाने के लिए घोषित (डिक्लेयर) किया गया। जब सुरक्षा जांच काउंटर पर पिस्टल की जांच और उसमें मौजूद कारतूसों की काउंटिंग की जा रही थी, तभी अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई।

लाइसेंसी पिस्टल मैगजीन निकालते समय हुआ हादसा
नियम के मुताबिक, यात्री अपने साथ लाइसेंसी हथियार ले जा सकते हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों के तहत उड़ान से पहले असलहे को सील कर पायलट केबिन में सुरक्षित रखा जाता है। इसके लिए निर्धारित शुल्क और आवश्यक प्रक्रिया एयरलाइंस द्वारा पूरी कराई जाती है। बताया जा रहा है कि यात्री कमलेश राय ने अपने लाइसेंसी हथियार के बारे में सुरक्षा अधिकारियों को डिक्लेयर किया था। इसके बाद वह पिस्टल जमा करने की प्रक्रिया के तहत उसकी मैगजीन को अलग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और सीधे फायरिंग हो गई।
बिहार के रहने वाले दो कर्मी घायल, अस्पताल में हालत सामान्य
गोली चलने से वहां ड्यूटी पर मौजूद दो सुरक्षा सहायक चपेट में आ गए। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने एंबुलेंस से दोनों घायलों को हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों कर्मियों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है।
सुमन कुमारी: (पुत्री नरेश प्रसाद, निवासी मानपुर, थाना बुनियादगंज, जिला गया, बिहार) के दोनों पैरों की जांघ में गोली लगी है।
रोहित राज: (पुत्र किशोरी प्रसाद, निवासी अंबेर, थाना बिहारशरीफ, जिला नालंदा, बिहार) के बाएं हाथ के अंगूठे को गोली छूती हुई निकल गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, चूक की जांच जारी
फायरिंग की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन), एसीपी पिंडरा-फूलपुर और थाना प्रभारी राजीव सिंह पुलिस बल के साथ एयरपोर्ट पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और सुरक्षा अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस और एयरपोर्ट की सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही हैं कि चेकिंग के दौरान किन परिस्थितियों में फायर हुआ और क्या सुरक्षा जांच के तय मानकों में किसी स्तर पर लापरवाही या चूक हुई है। वर्तमान में एयरपोर्ट पर स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।











Total views : 398932