
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: पवित्र सावन मास के दूसरे सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रसिद्ध शिवचौक सहित जिले के तमाम छोटे-बड़े शिवालयों में सुबह से ही शिवभक्तों की भारी भीड़ जुटी रही। खास बात यह रही कि जलाभिषेक के दौरान झमाझम बारिश भी हुई, लेकिन भक्तों का उत्साह और श्रद्धा कम नहीं हुई। बारिश के बीच ही ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
शिवचौक पर स्थानीय लोगों के अलावा बड़ी संख्या में डाक कांवड़िए और अन्य कांवड़िए भी जल चढ़ाने पहुंचे। भारी भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी संजय वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शिवचौक व आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया था, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
ग्रामीण अंचल के मंदिरों में भी रही रौनक
शहर के साथ-साथ मीरापुर के ऐतिहासिक गांव संभलहेडा समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रसिद्ध शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हर कोई भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, और गंगाजल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहा था। प्रशासन की सतर्कता और शिवभक्तों के अनुशासन से जलाभिषेक का यह पावन पर्व शांतिपूर्ण और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
Post Views: 67













Total views : 396550