
लोकपथ लाइव, हापुड़। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में गढ़मुक्तेश्वर स्थित ब्रजघाट का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर स्नान कर रहे कांवड़ियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए घाटों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और प्रत्येक कांवड़िए की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे केवल निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
Post Views: 137













Total views : 395531