
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने खतौली क्षेत्र में कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।


दोनों अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, डायवर्जन प्लान और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं हर समय प्रभावी रहें तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न कांवड़ शिविरों में चिकित्सा, पेयजल, विश्राम और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। साथ ही मार्ग पर स्थित होटल एवं भोजनालयों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और साफ-सफाई की जांच की। होटल संचालकों को श्रद्धालुओं को केवल ताजा, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिलाधिकारी और एसएसपी ने जल पुलिस की इन्फ्लेटेबल मोटर बोट से नहर क्षेत्र का भ्रमण कर जलस्तर, घाटों की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, जल पुलिस की तैनाती और रेस्क्यू तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जल क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी रेस्क्यू अभियान चलाया जाए।

अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सुरक्षा, यातायात, जल सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।












Total views : 390566