
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में नवगठित छात्र परिषद (Student Council) का गठन बेहद गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों ने पूरी निष्ठा के साथ अपने पदों की गोपनीयता और कर्तव्यों की शपथ ली।
समारोह के दौरान छात्र परिषद के नव-निर्वाचित प्रधानमंत्री हर्षित गुप्ता एवं उपप्रधानमंत्री स्वस्ति वशिष्ठ ने अपने पदों की शपथ ग्रहण की। इनके साथ ही विभिन्न मंत्रालयों के मंत्रियों ने भी अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण भाव से निर्वहन करने का संकल्प लिया। शपथ लेने वालों में अनुशासन मंत्री रोहित प्रताप वर्मा, कम्युनिकेशन मंत्री चित्रांशा भट्ट, हेल्थ एंड हाइजीन मंत्री सोनल चौधरी, कल्चरल मंत्री अर्पिता और स्पोर्ट्स मंत्री सत्यदेव आर्य शामिल रहे।
अनुशासन और सेवा भावना की संस्कृति होगी सुदृढ़: प्रधानाचार्या इस अवसर पर छात्र परिषद को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनिका आर्य ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद केवल एक पद नहीं है, बल्कि यह विद्यालय में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना एवं सहयोग की संस्कृति को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने आदर्श आचरण से अन्य विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनें और अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाएं।
सफल कार्यकाल के लिए प्रबंधक ने दी शुभकामनाएं: विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट सुघोष आर्य ने भी नव-निर्वाचित छात्र परिषद का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल, प्रेरणादायी एवं जनहितकारी कार्यकाल के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम के समापन पर पूरे विद्यालय परिवार ने नव-निर्वाचित छात्र नेताओं के उज्ज्वल भविष्य और सफल नेतृत्व की कामना की। समारोह का मुख्य संदेश रहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने आचरण से दूसरों को सही दिशा दिखाना है।
Post Views: 59













Total views : 386129