Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » कांवड़ यात्रा का ट्रैफिक प्लान लागू, दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भारी वाहनों की नो-एंट्री

कांवड़ यात्रा का ट्रैफिक प्लान लागू, दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भारी वाहनों की नो-एंट्री

लोकपथ लाइव, मेरठ/ गाज़ियाबाद । कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत 29 जुलाई 2026 की रात 12 बजे से 12 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (NH-58), दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे और शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही भैंसाली बस अड्डे से बसों का संचालन भी बंद रहेगा और विभिन्न रूटों की बसें वैकल्पिक मार्गों से चलाई जाएंगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह ट्रैफिक प्लान वर्ष 2025 की व्यवस्था और मेरठ जोन के पुलिस अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के आधार पर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आम यातायात को भी सुचारु बनाए रखना है।
2 अगस्त से बदलेगा NH-58 पर ट्रैफिक सिस्टम
मेरठ पुलिस के अनुसार 2 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे से मेरठ-मुजफ्फरनगर-हरिद्वार दिशा में हल्के और मध्यम वाहनों का संचालन NH-58 की बाईं लेन से दोनों दिशाओं में कराया जाएगा। वहीं दाहिनी लेन पूरी तरह हरिद्वार से लौटने वाले कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी।
इसके बाद 5 अगस्त की मध्यरात्रि से 12 अगस्त की रात 12 बजे तक हरिद्वार-मुजफ्फरनगर-मेरठ दिशा में सामान्य यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में हल्के और मध्यम वाहनों को भी निर्धारित डायवर्जन मार्गों का उपयोग करना होगा।
डिवाइडर कट बंद, कांवड़ियों के मार्ग पर नहीं चलेगा कोई वाहन
सकौती बॉर्डर से लेकर गाजियाबाद और हापुड़ सीमा तक NH-58 के सभी प्रमुख डिवाइडर कट रस्सियों, बल्लियों और ड्रमों की सहायता से बंद कर दिए जाएंगे। यही व्यवस्था शहर के प्रमुख मार्गों पर भी लागू होगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ियों के लिए निर्धारित लेन में किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इन स्थानों पर लगाए जाएंगे एस-शेप बैरियर और स्पीड ब्रेकर
यातायात की गति नियंत्रित करने और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए मोहिउद्दीनपुर चौकी, परतापुर इंटरचेंज, बागपत बाईपास, रोहटा बाईपास, सरधना बाईपास, मोदीपुरम तिराहा, दौराला चौराहा, रुड़की चुंगी, सकौती चौकी, जादूगर चौराहा, जीरो माइल, बिजली बंबा चौकी, एल-ब्लॉक, के-ब्लॉक, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय रोड, जेल चुंगी और कमिश्नर आवास चौराहे सहित कई संवेदनशील स्थानों पर एस-शेप बैरियर और अस्थायी स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे।
आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष इंतजाम
कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मोदीपुरम तिराहा, परतापुर बाईपास, बागपत बाईपास फ्लाईओवर, बिजली बंबा पुलिस चौकी और नानू नहर पुल पर एक-एक क्रेन और एंबुलेंस तैनात रहेगी।
बस यात्रियों के लिए जरूरी अपडेट
कांवड़ यात्रा के दौरान रोडवेज और निजी बसों के संचालन में भी बड़े बदलाव किए गए हैं।
  • मवाना, हस्तिनापुर, मीरापुर और बिजनौर की बसें थाना गंगानगर तिराहे से चलेंगी।
  • किला परीक्षितगढ़ मार्ग की बसें यादगारपुर पुलिस चेक पोस्ट से संचालित होंगी।
  • हापुड़-बुलंदशहर रूट की बसें एल-ब्लॉक पुलिस चौकी से चलेंगी।
  • सरधना और शामली रूट की बसें सरधना फ्लाईओवर से संचालित होंगी।
  • अंबाला बस स्टैंड (बेगमपुल) की बसें गंगानगर के अस्थायी बस स्टैंड से मवाना, बहसूमा, मीरापुर, जानसठ होते हुए मुजफ्फरनगर जाएंगी।
  • बागपत, बड़ौत और शामली रूट की बसें भैंसाली बस अड्डे के बजाय संबंधित बाईपास मार्गों से संचालित होंगी और शहर में प्रवेश नहीं करेंगी।
मेरठ पुलिस की अपील
मेरठ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य लें और अनावश्यक रूप से कांवड़ मार्ग का उपयोग करने से बचें, ताकि कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 3 3 3 1 7
Total views : 384477

Follow us on