
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने बुधवार को जनपद मुजफ्फरनगर का दौरा किया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निरीक्षण भवन पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत उन्होंने महिलाओं से संबंधित उत्पीड़न व अन्य मामलों को लेकर गहन जनसुनवाई की और संबंधित विभागों के आला अफसरों के साथ समीक्षा बैठक कर लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण भवन में आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, श्रम विभाग, पुलिस प्रताड़ना और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित कुल 24 प्रार्थना पत्र और शिकायतें माननीय सदस्य के सामने आईं। सपना कश्यप ने मौके पर ही मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को ये शिकायती पत्र सौंपते हुए समयबद्ध और उचित निस्तारण के आदेश दिए। साथ ही उन्होंने पूर्व में प्राप्त हो चुके प्रकरणों की भी बिंदुवार समीक्षा की।
स्वास्थ्य विभाग ने लगाया विशेष जांच शिविर: जनसुनवाई कार्यक्रम की खास बात यह रही कि दूर-दराज से अपनी फरियाद लेकर आईं महिलाओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग मुजफ्फरनगर द्वारा मौके पर ही एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें निशुल्क दवाइयां भी वितरित कीं।


जिला कारागार का निरीक्षण और बंदियों से संवाद: दौरे के अगले चरण में सदस्य सपना कश्यप जिला कारागार मुजफ्फरनगर पहुंचीं, जहां उन्होंने महिला बैरक का सघन निरीक्षण किया। जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने उनका स्वागत किया और जेल में महिला बंदियों को दी जा रही सुविधाओं, उनके बच्चों की शिक्षा व खानपान के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। सदस्य महोदया ने महिला बंदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना और जेल प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए हर संभव सुधार के निर्देश दिए।
21 जून को योग दिवस मनाने की अपील: आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले ‘अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस’ को लेकर भी सपना कश्यप बेहद गंभीर दिखीं। उन्होंने जनसुनवाई में मौजूद सभी अधिकारियों और आम जनता से इस वैश्विक आयोजन में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने योग के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से संबंधित पम्फलेट और प्रचार सामग्री का भी वितरण किया।
इस महत्वपूर्ण जनसुनवाई व समीक्षा बैठक में महिला कल्याण विभाग से जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, स्वास्थ्य विभाग से मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. आभा आत्रेय व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, जिला कारागार से डिप्टी जेलर दीपक कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय उपस्थित रहे। इनके अलावा बाल विकास परियोजना अधिकारी संतोष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक ऋषिका सिंह, महिला थाना प्रभारी संगीता चौधरी, उप निरीक्षक ज्योति तोमर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शालू राणा सहित बेसिक शिक्षा विभाग के खंड शिक्षा अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक का कुशल संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। इस मौके पर संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला, केस वर्कर प्रियंका उज्जवल, पूनम शर्मा और जिला प्रोबेशन कार्यालय से सचिन कुमार, नाथी राम, अरुण कुमार, नितिन त्यागी व अजय कुमार सहित तमाम कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
Post Views: 120












Total views : 346345