
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। सदर तहसील के ग्राम रथेड़ी में राशन डीलर की मनमानी और विभागीय अधिकारियों द्वारा जांच में लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बैनर तले कलेक्ट्रेट पहुंचे पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने राशन डीलर पर कम राशन देने तथा नियमों के विरुद्ध दुकान संचालित करने के गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का गुस्सा इस बात को लेकर था कि मुख्यमंत्री (सीएम) पोर्टल पर शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने डीलर के पक्ष में रिपोर्ट लगाकर मामले को रफा-दफा कर दिया।
सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश संगठन मंत्री अमित कुमार गौतम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के नाम एक शिकायती पत्र सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर को सौंपा। सौंपे गए पत्र में अवगत कराया गया कि रथेड़ी गांव के राशन डीलर अनिल कुमार गर्ग के खिलाफ पूर्व में भी सीएम पोर्टल पर शिकायतें की गई थीं। आरोप है कि जिला पूर्ति विभाग के पूर्ति निरीक्षक और एआरओ ने बिना किसी स्थलीय निरीक्षण के और बिना कार्डधारकों के बयान दर्ज किए ही डीलर को क्लीन चिट दे दी और उच्च अधिकारियों को गुमराह किया।
ग्रामीणों ने साक्ष्य के रूप में एक वीडियो का हवाला दिया, जिसमें राशन डीलर खुद स्वीकार कर रहा है कि दुकान में दो कांटे चल रहे हैं और बाहर कोई सूचना या स्टॉक बोर्ड भी नहीं लगा है। इसके अलावा कार्डधारकों को प्रति यूनिट कम राशन देने का भी आरोप है। प्रदर्शनकारियों ने डीलर को संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस दौरान अमन बंसल, महराब खान, प्रवीण शर्मा, मनोज अग्रवाल, दिलावर गौतम, हबीब त्यागी, मुकेश कुमार पाल, रचित गोयल, संजय भारती एडवोकेट, नीतू चौधरी, मुनेश देवी, रिहाना, मोमिना और फरहाना आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
मामले पर बोले जिला पूर्ति अधिकारी (DSO)
“इस पूरे प्रकरण की जांच पूर्व में एआरओ (क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी) विकास कुमार द्वारा की गई थी। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों और जांच में लीपापोती की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। यदि जांच में राशन डीलर द्वारा नियमों का उल्लंघन या कोई भी गड़बड़ी पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।” – ओमहरि उपाध्य, जिला पूर्ति अधिकारी, मुजफ्फरनगर
Post Views: 79













Total views : 342138