
लोकपथ लाइव, लोनी (गाजियाबाद): डीएम के निर्देश पर लोनी क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली अवैध इकाइयों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। सोमवार और मंगलवार को भी संयुक्त टीम ने लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बेहटा हाजीपुर गांव में छापेमारी कर 14 और फैक्टरियों को सील कर दिया। इन सभी इकाइयों के बिजली कनेक्शन भी मौके पर ही काट दिए गए। इस कार्रवाई के साथ ही अब तक सील की गई अवैध फैक्टरियों की कुल संख्या 40 के पार पहुंच गई है, जबकि अभी इस क्षेत्र में 200 से अधिक अवैध फैक्ट्रियों पर कार्रवाई शेष है।


सांसों पर पहरा: जहरीले धुएं और दूषित पानी पर वार: नायब तहसीलदार रति गुप्ता के नेतृत्व में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, ऊर्जा निगम, लोनी नगर पालिका और स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम ने सोमवार को बेहटा हाजीपुर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने आठ तार जलाने वाली, तीन जींस रंगाई और तीन ढलाई की अवैध इकाइयों को चिन्हित किया। नायब तहसीलदार ने बताया कि आवासीय क्षेत्रों के बीच चल रही इन फैक्टरियों से निकलने वाला जहरीला धुआं न केवल वातावरण को प्रदूषित कर रहा था, बल्कि स्थानीय निवासियों के लिए सांस लेना भी दूभर कर रहा था। वहीं, जींस रंगाई की इकाइयों से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी सीधे जमीन के भीतर जाकर भूगर्भ जल को जहरीला बना रहा था।

कड़ी कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप: प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आवासीय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीलिंग की कार्रवाई के साथ ही बिजली विभाग को निर्देशित किया गया है कि इन क्षेत्रों में दोबारा बिजली कनेक्शन न दिए जाएं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि सील तोड़ी गई तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माना वसूला जाएगा।











Total views : 260468