
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर।
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) संदीप कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।


इस प्रतियोगिता में जनपद के मोरना, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर शहर, खतौली और अन्य ब्लॉकों के कंपोजिट विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। नन्हे वैज्ञानिकों ने अपनी मेधा का परिचय देते हुए प्रदूषण नियंत्रण के आधुनिक उपाय, सुरक्षा अलार्म सिस्टम, वाटर हार्वेस्टिंग और स्मार्ट सिटी जैसे समसामयिक विषयों पर वर्किंग मॉडल प्रस्तुत किए।

नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडलों का बारीकी से निरीक्षण किया और उनकी वैज्ञानिक सोच की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में तार्किक क्षमता और नवाचार की भावना विकसित होती है। बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के बच्चों में विज्ञान और गणित के प्रति रुचि पैदा करना है। कार्यक्रम के अंत में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।










Total views : 238413