
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे मुजफ्फरनगर प्रीमियर लीग-2 के मुकाबलों में रोमांच चरम पर है। लीग के 27वें और 28वें मैचों में अंबा वॉरियर्स और मेडिकल मेवरिक्स ने अपने-अपने विरोधियों को पछाड़कर जीत का परचम लहराया।
मंगलवार को मैच नंबर-28 में अंबा वॉरियर्स ने सिल्वरटन पैंथर्स को चारों खाने चित कर दिया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए सिल्वरटन पैंथर्स ने इसरार खान के अर्धशतक (53 रन) की मदद से 20 ओवर में 149 रन बनाए। अंकुर बालियान और प्रियांशु गौतम की घातक गेंदबाजी के आगे पैंथर्स बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रहे। जवाब में अंबा वॉरियर्स ने मोहम्मद अमान (41) और प्रियांशु गौतम (38) की आतिशी पारियों की बदौलत मात्र 13.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 152 रन बना लिए और 7 विकेट से मैच जीत लिया। अंकुर बालियान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं इससे पहले हुए 27वें मुकाबले में मेडिकल मेवरिक्स और देव भूमि रॉयल्स के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। देव भूमि रॉयल्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 139 रनों पर सिमट गई। मेडिकल मेवरिक्स के यशु प्रधान ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान वैभव त्यागी के शानदार 48 रनों और मयंक देशवाल की नाबाद 28 रनों की पारी के दम पर मेवरिक्स ने 20वें ओवर में 2 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। यशु प्रधान को उनके फाइव विकेट हॉल के लिए मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।
Post Views: 87












Total views : 237519