
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 2026 बोर्ड परीक्षा के अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। इसको लेकर परीक्षा की तैयारी जनपद स्तर पर भी तेज हो गई है। सीबीएसई देहरादून के क्षेत्रीय कार्यालय से जनपद में रविवार शाम निर्धारित बोर्ड परीक्षा केंद्रों के नाम के साभ सूची प्रेषित कर तैयारियों को आगे बढ़ा दिया गया है। सूची के अनुसार मुजफ्फरनगर में इस वर्ष कुल 26 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षार्थी अपनी 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं देंगे। इन केंद्रों का ब्योरा छात्रों को उनके एडमिट कार्ड पर दिया गया, जिसमें केंद्र का नाम, कोड व पूरा पता स्पष्ट रूप से दिया गया है।


17 फरवरी से शुरू होगी परीक्षाएं
सीबीएसई बोर्ड के मुख्य विषय की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही है। मुजफ्फरनगर में भी 70 से अधिक सीबीएसई विद्यालय संचालित है, जिनमें 10वीं व 12वीं के 15 हजार से अधिक बोर्ड परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए 26 सीबीएसई विद्यालयों को केंद्र बनाया है, जिनपर अलग-अलग विद्यालयों के विद्यार्थियों के सेंटर लगाए हैं। सीबीएसई ने सभी परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा, कक्ष व्यवस्था, बैठने की क्षमता व निगरानी को सीसीटीवी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं ताकि परीक्षाएं अनुशासनपूर्वक और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सकें। छात्रों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा दिन पर सुबह 10 बजे तक अपने केंद्रों पर पहुँचें, क्योंकि 10:30 बजे से परीक्षा शुरू होगी और इसके बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

सीबीएसई स्कूलों की मुजफ्फरनगर एग्जाम कोर्डिनेटर भारती तिवारी ने बताया कि जनपद में 26 केंद्रों पर परीक्षा होगी। सभी केंद्र सीबीएसई के मानकों को पूरा कर नियमों का पालन करेंगे। विद्यार्थी तनाव मुक्त होकर परीक्षा दें।
मुज़फ़्फ़रनगर में इन विद्यालयों को बनाया परीक्षा केंद्र
एसएफडीएवी पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, एमजी पब्लिक स्कूल, एसडी पब्लिक स्कूल, शारदेन स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय बघरा, होली एंजिल्स कान्वेंट स्कूल, जेवी पब्लिक स्कूल, डीएस पब्लिक स्कूल, ग्रेन चेंबर पब्लिक स्कूल, दि एसडी पब्लिक स्कूल, न्यू होराइजन पब्लिक स्कूल, न्यू वेलकिन पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स ग्लोबल स्कूल रहकड़ा, पीआर पब्लिक स्कूल गढ़ी पचेंड़ा, एसडीएस पब्लिक स्कूल तितावी, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल लालूखेड़ी, नालंदा पब्लिक स्कूल चरथावल, केके पब्लिक स्कूल खतौली, मेपल्स एकेडमी खतौली, माडर्न पब्लिक स्कूल खतौली, एसएफडीएवी पब्लिक स्कूल मंसूरपुर, ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल मीरापुर, मेपल्स एकेडमी बुढ़ाना, डीएवी पब्लिक स्कूल बुढ़ाना, बलवंदी देवी स्कूल बिटावदा शामिल है।











Total views : 213566