
आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड के सभी स्कूलों के लिए आदेश लागू
सीएम योगी के सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी, रैन बसेरों में सभी सुविधाएं सुनिश्चित करें अधिकारी
लोकपथ लाइव, लखनऊ/गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़े कदम उठाए हैं। सीएम ने प्रदेश के सभी बोर्डों (आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड) के कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को 29 दिसंबर से एक जनवरी (चार दिन) तक बंद करने का आदेश दिया है। वहीं मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि शीतलहर के दौरान बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


रैन बसेरों के संचालन सुनिश्चित करें अधिकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासन और प्रशासन के सभी आला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर जमीनी हकीकत का जायजा लें। सीएम ने कहा कि भीषण ठंड को देखते हुए हर जिले के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव और कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी खुले में न सोए। इसके लिए रैन बसेरों के संचालन को लेकर अधिकारियों को विशेष हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति कड़ाके की ठंड में खुले में सोने को मजबूर न हो। सभी रैन बसेरों में बिछौने, कंबल और साफ-सफाई समेत सभी आवश्यक सुविधाएं पुख्ता की जाएं।अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जरूरतमंदों को समय पर राहत सामग्री और आश्रय प्राप्त हो।

सुरक्षा में कोई कोताही नहीं
सरकार ने स्पष्ट किया है कि शीतलहर को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। स्कूल बंदी के आदेश और राहत व्यवस्थाओं का उद्देश्य आमजन, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बेसहारा लोगों को ठंड से सुरक्षित रखना है।
यूपी में पड़ रही कड़ाके की ठंड
गौरतलब है कि यूपी में इस वक्त कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई जिलों में इतना कोहरा है कि एक हाथ की दूरी पर भी कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा है। पुलिस भी लोगों से यातायात के नियमों का पालन करने की अपील कर रही है। ठंड के मौसम में सबसे ज्यादा रिस्की वाहन लेकर सड़क पर निकलना होता है क्योंकि जीरो विजुएलिटी होने की वजह से हादसा होने की आशंका बनी रहती है। स्कूलों की छुट्टियां होने से बच्चों को भी सर्दी में राहत मिलेगी और जान-माल का नुकसान भी होने की आशंका कम होगी। देखना ये होगा कि जनवरी के पहले हफ्ते में मौसम सुधरता है, या फिर पहले से ज्यादा ठंड पड़ती है।











Total views : 209449