सीएम योगी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वे
पीलीभीत, लखीमपुर खीरी में बाढ़ की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण

सीएम ने आपदा प्रभावित बच्चों, महिलाओं समेत अन्य लोगों से की मुलाकात
सीएम ने आपदा प्रभावितों को बांटी राहत किट, बाढ़ शरणालयों का भी किया निरीक्षण
LP Live, Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के बाढ़ प्रभावित पीलीभीत और लखीमपुर खीरी का हवाई सर्वे किया। सीएम योगी ने नाव में बैठकर बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का जायजा भी लिया। वहीं उन्होंने पीलीभीत और लखीमपुर खीरी के बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण भी किया और आपदा से प्रभावित बच्चों और महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्या सुनी और तत्काल समाधान के अधिकारियों को दिशानिर्देश दिये। ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों की मॉनीटरिंग कर रहे हैं ताकि जनहानि-धनहानि को कम से कम किया जा सके। इसी के तहत सीएम योगी ने बुधवार को पीलीभीत और लखीमपुर खीरी का हवाई सर्वे किया। उन्होंने पीलीभीत की पूरनपुर, सदर और बीसलपुर तहसील के बाढ़ प्रभावित गांवों का हवाई सर्वे करके अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति की बारीकी से जानकारी हासिल की। इसके बाद सीएम योगी ने पीलीभीत के चंदिया हजारा और अध्यापुर जगतपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आपदा से प्रभावित बच्चों, महिलाओं और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी। सीएम योगी ने आपदा से प्रभावित लोगों से कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ है। उन्होंने प्रभावितो को खुद राहत सामग्री की किट वितरित की। इसके बाद वह बाढ़ शरणालय पहुंचे, जहां पर ठहरे लोगों का हालचाल जाना।

अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की बैठक
इस दौरान सीएम योगी ने जिले के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सीएम योगी ने राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को समय से राहत सामग्री बांटने एवं सहायता राशि देने के निर्देश दिये। वहीं क्षतिग्रस्त फसलों का तत्काल सर्वे कराकर सहायता राशि उपलब्ध कराने के आदेश दिये। इस दौरान सीएम योगी मीडिया से भी मुखातिब हुए। उन्होंने पत्रकारों को सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में चलाए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी दी। सीएम ने निरीक्षण के दौरान दोनों जिलों में उनके साथ केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, राज्य के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बलदेव सिंह औलख समेत स्थानीय विधायक आदि भी मौजूद रहे।
प्रदेश के 12 जिले बाढ़ प्रभावित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश के 12 जनपद बाढ़ से प्रभावित हैं, जहां पर युद्धस्तर पर राहत कार्य चल रहे हैं। बाढ़ से निपटने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, एसएसबी की फ्लड यूनिट के साथ स्थानीय गोताखोरों को भी लगाया गया है। इसी का परिणाम है कि बड़ी आबादी को सुरक्षित निकाला गया है। लखीमपुर खीरी में 38 बाढ़ चौकियां स्थापित की गयी हैं। इसके बाद सीएम योगी ने ग्राम सभा सोरिया के मजरा महादेव में ग्राउंड जीरो पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। यहां पर सीएम योगी ने एनडीआरएफ की नाव में बैठकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों से विभिन्न जानकारी हासिल की।
