अयोध्या में 546.67 करोड़ की लागत से बनेंगे नए रेलवे ओवर ब्रिज
शहर को जाममुक्त बनाने में जुटी योगी सरकार


बड़ी बुआ रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज की मिलेगी सौगात
LP Live, Lucknow: अयोध्या में विकास कार्यो की रफ्तार अभी थमने वाली नहीं है। सड़क, रेल, वायु और जलमार्ग के जरिए बेहतरीन कनेक्टिविटी की ओर बढ़ रही अयोध्या नगरी में आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की आवाजाही होना तय है। योगी सरकार श्रीराम की नगरी अयोध्या और जनपद को जाम के झाम से निजात दिलाने में जुटी हुई है।
श्रीराम मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या में पर्यटकों की आवाजाही के मद्देनजर योगी सरकार लगातार से सड़क, रेल, वायु और जलमार्ग के जरिए विकास कार्यो को अंजाम दे रही है। इसी के तहत रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होते ही जाम होने वाली अयोध्या नगरी को इस साल 5 नये आरओबी की सौगात मिलेगी। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर बड़ी बुआ रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी का लोकार्पण किया है। वहीं 5 और आरओबी बन जाने से अयोध्या 6 नये रेलवे उपरिगामी सेतुओं वाला जनपद बन जाएगा।
एनएच 27 पर आरओबी
अयोध्या में नेशनल हाईवे 27 बाईपास से रामपथ तक रेल समपार संख्या 111 बी पर आरओबी का निर्माण अप्रैल 2022 को शुरू हुआ। इस आरओबी का निर्माण 31 जनवरी तक पूरा किया जाना है। 638.44 मीटर लंबे फोर लेन रेल उपरगामी सेतु का निर्माण उप्र लोक निर्माण विभाग और भारतीय रेलवे द्वारा किया जा रहा है। इसमें रेलवे भाग की लंबाई 76 मीटर है। वहीं सेतु के कैरज-वे की चौड़ाई 15 मीटर है। इसके दोनों ओर 5.50 मीटर चौड़ाई में सर्विस रोड का निर्माण भी किया जा रहा है। इसकी लागत 140.63 करोड़ रुपए है।

रेलवे ओवर ब्रिज
इसी प्रकार एनएच-30 पर दर्शन नगर के समीप समपार संख्या 107 ए/2टी पर 97.26 करोड़ की लागत से 614.11 मीटर लंबे चार लेन के आरओबी का निर्माण कार्य भी तेज गति से चल रहा है। मई 2022 से शुरू हुए इस प्रोजेक्ट को भी 30 जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर सूर्य कुंड के समीप समपार संख्या 105 पर 675 मीटर वाला ये सेतु 2 लेन के आरओबी का निर्माण कार्य चल रहा है। इस सेतु के दोनों तरफ 101.57 करोड़ रुपए की लागत 3.75 मीटर चौड़ाई में सर्विस रोड का भी निर्माण किया जा रहा है। मई 2022 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट को 29 फरवरी 2024 को पूरा करने का लक्ष्य है। इसी क्रम में अयोध्या-अकबरपुर मार्ग पर फतेजगंज समपार संख्या 118-ए पर 793.95 मीटर और 2 लेन वाले आरओबी के चल रहे निर्माण कार्य 31 मार्च तक पूरा किया जाना है। सेतु के दोनों तरफ 80.67 करोड़ की लागत से 3.75 मीटर चौड़ाई में सर्विस रोड का निर्माण कार्य भी उप्र लोक निर्माण विभाग एवं भारतीय रेलवे द्वारा किया जा रहा है।
दर्शन नगर आरओबी
ऐसे ही दर्शन नगर रेलवे स्टेशन के मध्य बाराबंकी-अकबरपुर रेल खंड पर स्थित समपार संख्या 108 ए पर 2 लेन रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस सेतु की कुल लंबाई 652.39 मीटर है, जबकि रेलवे भाग की लंबाई 45.40 मीटर है। सेतु के कैरज-वे की चौड़ाई 7.50 मीटर है और इसके दोनों तरफ 3.75 मीटर चौड़ाई में सर्विस रोड का निर्माण भी कराया जा रहा है। 52.30 करोड़ रुपए की लागत से इसका निर्माण उप्र लोक निर्माण विभाग एवं भारतीय रेलवे के सौजन्य से हो रहा है। इस रेल उपरिगामी सेतु को 31 दिसंबर 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा।
