उत्तर प्रदेशट्रेंडिंगराजनीतिसाहित्य- कला संस्कृति,अध्यात्म

अयोध्या: 28 लाख दीयों से जगमग होंगे सरयू नदी के 55 घाट

आठवें दीपोत्सव में विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी में योगी सरकार

घाटों पर दीयो को सजाने का काम जारी, जमकर होगी प्रदूषणमुक्त ग्रीन आतिशबाजी
LP Live, Ayodhya: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस वर्ष अयोध्या का आठवां दीपोत्सव भव्य और दिव्य रूप से मनाया जाएगा। इस मौके पर अयोध्या में सरयू नदी के 55 घाटों पर 28 लाख दीयों को प्रज्वलित कर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की जा रही है।

दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई है और दीयों को घाटों पर बिछाने का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियों में जुटे डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने इस बार दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के 55 घाटों पर 28 लाख से अधिक दीए प्रज्वलित करने की योजना बनाई है। इसके तहत राम की पैड़ी के घाट एक पर 65,000 दीयों को जलाने के लिए 765 स्वयंसेवक तैनात होंगे, जबकि घाट दो पर 38,000 दीयों के लिए 447 स्वयंसेवक जिम्मेदारी संभालेंगे। इसी प्रकार, घाट तीन पर 48,000 दीयों के लिए 565 स्वयंसेवक, और घाट चार पर 61,000 दीयों के लिए 718 स्वयंसेवक तैनात होंगे। सभी 55 घाटों पर इसी प्रकार दीयों की संख्या के अनुसार स्वयंसेवकों को तैनात किया जाएगा। आयोजन में विभिन्न कॉलेजों और संस्थाओं से जुड़े स्वयंसेवक पूरे उत्साह के साथ भागीदारी करेंगे और घाटों पर दीयों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी
अयोध्या में दीपोत्सव का विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी के तहत राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल सहित अन्य सभी घाटों पर दीयों को घाट समन्वयकों की निगरानी में बिछाया जा रहा है। यह दीपोत्सव न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह अयोध्या की सांस्कृतिक धरोहर को भी उजागर करता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में इस आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसके अलावा 14 सम्बद्ध महाविद्यालयों, 37 इंटरमीडिएट कॉलेजों और 40 स्वयंसेवी संस्थाओं से लगभग 30,000 स्वयंसेवक इस आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। घाटों पर दीयों की संख्या और स्वयंसेवकों का वितरण पहले ही तय कर लिया गया है।

संगीत की धुन पर 600 फीट ऊपर तक होगी आतिशबाजी
भगवान राम के 14 वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या आगमन की खुशियों में इस बार अयोध्या नगरी दीपोत्सव 2024 के भव्य आयोजन के लिए तैयार है। इस दीपोत्सव में विशेष रूप से पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए प्रदूषणमुक्त ग्रीन आतिशबाजी शो का आयोजन किया जाएगा। जहां आसमान में 600 फीट तक की ऊंचाई पर आतिशबाजी से सरयू नदी का आकाश जगमगाएगा। एक्सिस कम्युनिकेशन के प्रमुख संजय सिंह के अनुसार 30 अक्टूबर की शाम को पुराने सरयू पुल पर आतिशबाजी, लेज़र शो, फ्लेम शो और संगीत के संगम से भव्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण प्रदूषणमुक्त ग्रीन आतिशबाजी होगी, जो पर्यावरण को बिना नुकसान पहुंचाए 120 से 600 फीट की ऊंचाई तक आसमान में बिखरेगी। इस मनोहारी दृश्य को चार से पांच किलोमीटर के क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग देख सकेंगे। यह आतिशबाजी सरयू नदी की शांत लहरों पर चमकदार परछाइयों के साथ अद्भुत दृश्य उत्पन्न करेगी।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button