Select Language :

Home » जीवन शैली » हरिद्वार: चमन लाल महाविद्यालय के 10 छात्रों ने रचा इतिहास, भारतीय सेना का बने हिस्सा

हरिद्वार: चमन लाल महाविद्यालय के 10 छात्रों ने रचा इतिहास, भारतीय सेना का बने हिस्सा

थल सेना अग्निवीर भर्ती में 9 और टेरिटोरियल आर्मी में एक छात्र का चयन, कॉलेज अभिभावकों के साथ करेगा सार्वजनिक अभिनंदन
लोकपथ लाइव, लंढौरा (हरिद्वार)। रुड़की क्षेत्र के प्रतिष्ठित चमन लाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय (स्वायत्त) के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर रक्षा सेवाओं के क्षेत्र में कॉलेज का नाम रोशन किया है। हाल ही में घोषित हुई थल सेना अग्निवीर भर्ती के अंतिम परिणाम में संस्थान के नौ विद्यार्थियों ने बाजी मारी है, जबकि एक अन्य छात्र का चयन प्रतिष्ठित टेरिटोरियल आर्मी (टीए) में हुआ है। देश सेवा के लिए एक साथ 10 युवाओं का चयन होने से महाविद्यालय प्रशासन और समूचे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

How to Make a News Portal

एनसीसी कैडेट्स का रहा बोलबाला
अग्निवीर भर्ती परीक्षा के घोषित परिणामों में महाविद्यालय के रोहित कुमार, सागर धीमान, नवीन कुमार, अनिवेश कुमार, हिमांशु गुप्ता, विनीत, आर्यन राणा, मोहम्मद कैफ तथा मोहम्मद उजैर ने शानदार सफलता प्राप्त कर सेना की वर्दी पहनने का अपना सपना पूरा किया है। गर्व की बात यह है कि मोहम्मद उजैर को छोड़कर चयनित होने वाले अन्य सभी 8 युवा महाविद्यालय के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के सक्रिय कैडेट हैं। इसके अलावा कॉलेज के ही होनहार एनसीसी कैडेट सौरभ सिंह ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए टेरिटोरियल आर्मी में जगह बनाई है।

तीन वर्षों में 25 छात्र-छात्राएं छू चुके हैं आसमान
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय और एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. अपर्णा शर्मा ने संयुक्त रूप से प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि संस्थान में शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को देश सेवा के लिए लगातार प्रेरित और प्रशिक्षित किया जाता है। इसी का परिणाम है कि पिछले तीन वर्षों के भीतर इस महाविद्यालय के कुल 25 छात्र-छात्राओं ने भारतीय थल सेना, नौसेना (नेवी), वायुसेना (एयरफोर्स), टेरिटोरियल आर्मी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) जैसे विभिन्न रक्षा और अर्धसैनिक बलों में शामिल होकर इतिहास रचा है।

वीर सपूतों का होगा अभिनंदन
विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक कामयाबी पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने सभी को बधाई दी। उन्होंने इस सफलता को अत्यंत उल्लेखनीय बताते हुए घोषणा की कि कॉलेज परिसर में जल्द ही एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस आगामी समारोह में देश की रक्षा का संकल्प लेने वाले इन सभी 10 सफल विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके माता-पिता और अभिभावकों को भी मंच पर सार्वजनिक रूप से सम्मानित व अभिनंदित किया जाएगा।

प्रबंधन समिति के सचिव का संदेश
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव डॉ. अरुण हरित ने चयनित युवाओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए एक महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने कहा कि सभी युवा अभी से अपनी मेहनत और भविष्य की तैयारी जारी रखें, ताकि अग्निवीर के रूप में अपने 4 साल के सेवाकाल को शानदार तरीके से पूरा करने के बाद वे भारतीय सेना या अन्य अर्धसैनिक बलों में स्थायी (परमानेंट) कॅरियर का अवसर आसानी से प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने कॉलेज के अन्य छात्र-छात्राओं से भी इन चयनित युवाओं के कड़े परिश्रम से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

वोट करें

Are You Satisfied Lokpath Live

Our Visitor

1 1 5 3 0 7
Total views : 339042

Follow us on