
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में शिक्षा मंत्रालय की महत्वाकांक्षी पहल ‘नेशनल मिशन ऑन एजुकेशन थ्रू इंफॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी’ (NMEICT) के अंतर्गत “वर्चुअल लैब” विषय पर एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को वर्चुअल लैब के प्रभावी उपयोग की जानकारी देकर उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रयोगात्मक शिक्षा से सहजता से जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी संसाधनों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। वर्चुअल लैब जैसी आधुनिक पहल विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षण पद्धति के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों से सीखने का बेहतर अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रयोगात्मक विषयों की गहराई को समझने के लिए छात्रों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है और वर्चुअल लैब इसमें मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने सभी शिक्षकों का आह्वान किया कि वे लैब में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर पठन-पाठन को और अधिक प्रभावी बनाएं।
कार्यशाला में वर्चुअल लैब के नोडल समन्वयक डॉ. विपिन कुमार सैनी ने उपस्थित शिक्षकों को विभिन्न संसाधनों की उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस तकनीक के माध्यम से छात्र अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के जरिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जैविक विज्ञान जैसे प्रमुख विषयों के प्रयोग कहीं भी और कभी भी सीख सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी जो किसी कारणवश भौतिक प्रयोगशालाओं की सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को ऑनलाइन सिमुलेशन, प्रयोगों के चयन तथा परिणामों के अध्ययन की पूरी प्रक्रिया का चरणबद्ध अभ्यास कराया गया।
इस दौरान डीन डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में नवीन तकनीकों के समावेश को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों में व्यावहारिक समझ के साथ-साथ तकनीकी दक्षता का भी विकास होगा। कार्यशाला के समापन अवसर पर साइंस विभाग के प्रवक्ता विकास कुमार त्यागी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि यह प्रशिक्षण कॉलेज में प्रयोगात्मक शिक्षा के स्तर को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
Post Views: 65













Total views : 426555