Select Language :

Home » अपराध » मुजफ्फरनगर: सवारियों के उतरते ही सीएनजी बस में धमाका, धूं-धूं कर जली

मुजफ्फरनगर: सवारियों के उतरते ही सीएनजी बस में धमाका, धूं-धूं कर जली

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। नेशनल हाईवे-58 पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुजफ्फरनगर से मेरठ जा रही वैशाली डिपो की एक सीएनजी (CNG) बस में वहलना कट के पास चलते समय अचानक भीषण आग लग गई। चालक और परिचालक की त्वरित सूझबूझ और सतर्कता के चलते बस में सवार सभी 40 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। यात्रियों के नीचे उतरते ही बस के पिछले हिस्से में एक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों से घिरकर खाक हो गई। इस घटना के कारण हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर चालक अजय कुमार वैशाली डिपो की सीएनजी बस में करीब 40 यात्रियों को लेकर मेरठ के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही बस वहलना कट से हाईवे पर चढ़ी, अचानक उसमें से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने बिना देर किए तुरंत बस को साइड में रोका और यात्रियों को आनन-फानन में बाहर निकलने की हिदायत दी। सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर आते ही बस में तेज धमाका हुआ, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना पाकर एफएसओ आर.के. यादव दमकल विभाग की तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही मंसूरपुर और खालापार थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने हाईवे पर यातायात को पूरी तरह रोक दिया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी। आग बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई बस को हाईवे से हटाकर किनारे किया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू कराया जा सका। बस में सवार यात्रियों ने बताया कि यदि चालक ने समय रहते सूझबूझ न दिखाई होती, तो आज एक बहुत बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था।
अधिकारिक वर्जन:
“हाईवे पर चलती बस में आग लगने की सूचना मिली थी। गनीमत रही कि आग फैलने से पहले ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। दमकल की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।” — अनुराग कुमार, सीएफओ

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 2 8 3 9 0
Total views : 373827

Follow us on