
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश शासन अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में सोमवार को प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण मुजफ्फरनगर के दौरे पर रहेंगे। शासन के ये दोनों शीर्ष अधिकारी जनपद में आकर जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य सचिव और डीजीपी दोपहर करीब 3:30 बजे मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे। शहर में प्रवेश करते ही दोनों अधिकारी सबसे पहले आस्था के केंद्र ‘शिव चौक’ का रुख करेंगे, जहां वे कांवड़ कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क और बैरिकेडिंग व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में सहारनपुर मंडल (सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली) के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की जाएगी।
शासन का स्पष्ट निर्देश है कि कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बैठक में कांवड़ मेले के अलावा तकनीकी और प्रशासनिक प्रगति, जैसे—यक्ष ऐप की कार्यप्रणाली, ई-एविडेंस, साइबर क्राइम पर लगाम और CCTNS के तहत 60 व 90 दिनों के भीतर विवेचनाओं की स्थिति की भी गहन समीक्षा की जाएगी।
वीआईपी मूवमेंट को लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस ने कसी कमर
मुख्य सचिव और डीजीपी के मुजफ्फरनगर आगमन को देखते हुए स्थानीय पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सक्रिय मोड में आ गया है। रविवार शाम को ही एसपी सिटी अमृत जैन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा और क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव ने भारी पुलिस बल के साथ शिव चौक का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों, रूट डायवर्जन प्लान और बैरिकेडिंग को अंतिम रूप दिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को चौबीसों घंटे पूरी मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ मुस्तैद रहने की सख्त हिदायत दी गई है।
मुजफ्फरनगर आने से पहले मेरठ में होगी अंतर्राज्यीय बैठक
सोमवार सुबह मुजफ्फरनगर प्रस्थान करने से पहले दोनों शीर्ष अधिकारी मेरठ का दौरा करेंगे। वहां वे उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों के साथ-साथ मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक वृहद अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक करेंगे। मेरठ के ऐतिहासिक बाबा औघड़नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने और वहां सोशल मीडिया व साइबर मॉनिटरिंग सेल का उद्घाटन करने के बाद दोनों अधिकारी सीधे मुजफ्फरनगर के लिए रवाना होंगे।
Post Views: 129













Total views : 378232