
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जिले में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार पैर पसार रहा है। स्वास्थ्य विभाग की तमाम सतर्कता और सैंपलिंग के बावजूद नए मरीजों के मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। हाल ही में शहर के दो प्रमुख इलाकों से स्वाइन फ्लू के दो नए मामले सामने आए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जिले में अब स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 13 हो गई है।
शनिवार को प्राप्त हुई आधिकारिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, शहर के जानसठ रोड और प्रकाश चौक निवासी 50 वर्ष से अधिक आयु के दो व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू (H1N1) संक्रमण की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए दोनों मरीजों से संपर्क साधा। विभाग ने उनकी वर्तमान सेहत और इलाज की स्थिति की पूरी जानकारी ली है।
इससे पहले बुधवार को मोरना ब्लॉक क्षेत्र में भी एक नया मरीज मिला था, जिसके बाद प्रशासन ने उसके संपर्क में आए परिजनों और आसपास के लोगों की स्वास्थ्य जांच कराई थी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील कुमार तेवतिया ने बताया कि सितंबर और अक्टूबर का महीना मौसमी बीमारियों और संक्रमण के लिए बेहद संवेदनशील माना जाता है। इसी अवधि के दौरान स्वाइन फ्लू तेजी से फैलता है। जिले में अब तक कुल 13 स्वाइन फ्लू के मरीज मिल चुके हैं, जिनमें शहर के अलावा खतौली और जानसठ क्षेत्र के मरीज भी शामिल हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं है और सभी का उचित उपचार किया जा रहा है।
Post Views: 100












Total views : 411195