
लोकपथ लाइव, गाजियाबाद/लोनी: उत्तर प्रदेश में पड़ रही रिकॉर्डतोड़ भीषण गर्मी के बीच बिजली की खपत बढ़ गई है। गाजियाबाद जनपद के लोनी, मोदीनगर और मुरादनगर क्षेत्रों में बिजली की डिमांड ने पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। इस अत्यधिक लोड के बीच लाइन लॉस को कम करने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ने कमर कस ली है। विभाग की विजिलेंस टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से बिजली चोरों के खिलाफ एक बड़ा दबोचो अभियान शुरू किया है, जिसके तहत लोनी और मुरादनगर में 35 लोगों को रंगेहाथ अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़ा गया। इन सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा (FIR) दर्ज कर लिया गया है।
एसी-कूलर के चलते मोदीनगर में 20% तक बढ़ी डिमांड
विद्युत विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मई 2026 में गर्मी के तीव्र प्रकोप के कारण मोदीनगर क्षेत्र में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 20 प्रतिशत अधिक बिजली की खपत दर्ज की गई है। वहीं मुरादनगर में 16.5 प्रतिशत और लोनी में 12 प्रतिशत अधिक बिजली फूकी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, लगातार चल रहे एसी, कूलर और हैवी कमर्शियल लोड के कारण यह अप्रत्याशित उछाल आया है, जिससे ट्रांसफार्मरों पर दबाव बेहद बढ़ गया है।
रात और सुबह के सन्नाटे में टीम की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
अवैध कटिया और बाईपास कर बिजली चोरी करने वालों को पकड़ने के लिए विभाग ने रणनीति बदली है। अब चोरों को संभलने का मौका न देते हुए रात्रिकालीन और तड़के सुबह के समय विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
-
पावी लोनी: यहां छापे के दौरान 9 लोग बिजली चोरी करते मिले, जिन पर कुल 19 किलोवाट का अवैध भार मिला। सभी 9 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
-
बलराम नगर (लोनी): यहां सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को बिजली चोरी के जाल में लपेटा गया।
-
मुरादनगर क्षेत्र: यहां की चेकिंग में 11 उपभोक्ता दोषी पाए गए, जिन पर कुल 32 किलोवाट का भारी-भरकम अवैध लोड पाया गया।
बता दें कि दो दिन पूर्व भी लोनी के विद्युत वितरण खंड-प्रथम क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 7 एफआईआर दर्ज की गई थीं, जिससे बिजली चोरों में हड़कंप मचा हुआ है।
अधिकारियों की दो टूक चेतावनी: “बिजली चोरी के खिलाफ विभाग पूरी तरह से ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रहा है। ईमानदार उपभोक्ताओं को पूरी बिजली मिले, इसके लिए कटियाबाजों पर नकेल कसना जरूरी है। आगामी दिनों में यह अभियान और ज्यादा आक्रामक रूप से जारी रहेगा।”
Post Views: 145












Total views : 336545