भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बने राज्यसभा में सदन का नेता
उच्च सदन में पीयूष गोयल की लेंगे जगह


नड्डा की जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की कवायद में जुटी भाजपा
LP Live, New Delhi: राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल के लोकसभा में जाने के कारण भाजपा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को राज्यसभा में सदन का नेता बनाया है। राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्र में कैबिनेट मंत्री जेपी नड्डा के स्थान पर अब भाजपा पार्टी का नया अध्यक्ष बनाने की कवायद में जुट गई है।
18वीं लोकसभा के गठन के बाद संसद का सत्र शुरु हो चुका है, जिसमें राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल लोकसभा चुनाव जीतकर निचले सदन के सदस्य बन चुके हैं। इसलिए राज्यसभा में उनके स्थान पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को राज्यसभा में सदन का नेता बनाया गया है। गोयल ने सोमवार को लोकसभा सदस्य के तौर पर शपथ ले ली है। राज्यसभा की वेबसाइट पर भी नड्डा का नाम बतौर सदन का नेता अपडेट किया गया है। भाजपा अध्यक्ष के रूप में नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2024 में खत्म हो गया था। उन्हें आम चुनाव के चलते छह महने का विस्तार दिया गया था। उनका कार्यकाल जून में समाप्त हो रहा है।

मोदी सरकार में पहले भी थे स्वास्थ्य मंत्री
भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा साल 2012 में राज्यसभा के लिए चुना गये और उसके बाद 2014 में अमित शाह के पार्टी अध्यक्ष बनने पर उन्हें भाजपा संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया। नड्डा ने मोदी सरकार के पहल कार्यकाल में भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का जिम्मा संभाला था। उसके बाद 2019 में उन्हें भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष पद का जिम्मा दिया गया। फिर 2020 में अमित शाह के केंद्रीय गृह मंत्री बनने पर उन्हें पार्टी का पूर्ण अध्यक्ष बना दिया गया। मोदी 3.0 सरकार में उन्हें दोबारा स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ-साथ रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय भी आवंटित किया गया है।
कांग्रेस ने नड्डा को दी बधाई
राज्यसभा में सदन का नेता के रुप में नड्डा को नामित किए जाने पर कांग्रेस ने उन्हें बधाई दी है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि जेपी नड्डा जी को राज्यसभा में सदन के नेता के रूप में नामित किए जाने पर बधाई। रमेश ने कहा कि यदि सदन के नेता सभी को समायोजित करेंगे तो विपक्ष सहयोग करेगा।
