बेमौसम वर्षा से प्रभावित किसानों को 56.39 करोड़ देगी सरकार
यूपी के दस जिलों 34137.52 हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल प्रभावित


मुख्यमंत्री योगी का जिलाधिकारियों को फसल नुकसान का सर्वे के निर्देश
LP Live, Lucknow: उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण 15 मार्च से अब तक दस जिलों में 34137.52 हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल प्रभावित हुए है। आपदाओं से हुए इस नुकसान से प्रभावित किसानों को मुख्यमंत्री ने सर्वे के आधार पर 5638.80 लाख रुपये से नुकसान की भरपाई करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को 24 घण्टों में ओलावृष्टि और वर्षा से हुई फसल क्षति का सर्वे तत्काल कराकर प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान राहत प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक उच्चस्तरीय बैठक में विगत दिनों प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हुई असमय वर्षा और ओलावृष्टि से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मौसम पूर्वानुमान के बारे में किसानों को समय से जानकारी उपलब्ध करायी जाए। समय से प्राप्त पूर्वानुमान के कारण क्षति की सम्भावना कम होती है। बैठक में राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार गत 15 मार्च 2023 से अब तक हुए सर्वे में प्रदेश में हुई बेमौसम बारिश/ओलावृष्टि से 10 जनपदों में कुल 34137.52 हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल तथा कुल 01,02,497 किसानों के प्रभावित होने की सूचना है। सरकार इन प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति राशि के रुप में कुल 5638.80 लाख रुपये का भुगतान करेगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विगत 24 घण्टों में ओलावृष्टि और वर्षा से हुई फसल क्षति का सर्वे तत्काल कराकर प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान राहत प्रदान किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभिन्न आपदाओं से प्रदेश में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को तत्काल राज्य आपदा मोचक निधि से अनुमन्य राहत राशि वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं।

इन जिलों में फसल हुई बर्बाद
जनपद आगरा में 4738 किसानों का 2804.15 हेक्टेयर, बरेली में 3090 किसानों का 559 हेक्टेयर, चन्दौली में 11265 किसानों का 2986.81 हेक्टेयर, हमीरपुर में 396 किसानों का 271.83 हेक्टेयर, झांसी में 205 किसानों का 145 हेक्टेयर, ललितपुर में 7380 किसानों का 6216.23 हेक्टेयर, प्रयागराज में 9252 किसानों का 4448.20 हेक्टेयर, उन्नाव में 5505 किसानों का 2801 हेक्टेयर, वाराणसी में 58393 किसानों का 13112 हेक्टेयर तथा लखीमपुर खीरी में 2273 किसानों का 792.52 हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल प्रभावित हुआ है।
पिछले तीन दिन में सात लोगों की मौत
प्रदेश में विगत 72 घण्टों में आकाशीय विद्युत, डूबने तथा मानव वन्य जीवन द्वन्द्व से कुल 07 जनहानि हुई हैं। सरकार पीडित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। जनपद लखनऊ, गाजीपुर, हरदोई तथा वाराणसी में आकाशीय विद्युत गिरने से 01-01 जनहानि, जनपद बहराइच में डूबने से 02 तथा जनपद लखीमपुर खीरी में मानव वन्य जीव द्वन्द्व से 01 जनहानि हुई है। विगत 24 घण्टों में प्रदेश के 09 जनपदों-पीलीभीत, बरेली, सीतापुर, अलीगढ़, मुरादाबाद, सोनभद्र, हमीरपुर, सम्भल तथा उन्नाव में ओलावृष्टि की सूचना प्राप्त हुई है। इन जनपदों में फसल क्षति का प्लॉटवार आकलन कराया जा रहा है।
