

LP Live, New Delhi: बांग्लादेश के संसदीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने भारतीय संसदीय प्रणाली को जानने के लिए यहां प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रहे बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ मुलाकात के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि लोकतंत्र में संसद की विशेष भूमिका है, जो जनता और सरकार के बीच की कड़ी है।
संसदीय शोध एवं प्रशिक्षण संसथान (प्राइड) द्वारा संसद परिसर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रहे बांग्लादेश की संसद के अधिकारियों ने लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि लोकतंत्र में संसद की विशेष भूमिका है जहां कानून बनते हैं और साथ-साथ कार्यपालिका की जवाबदेही और पारदर्शिता तय होती हैं। उन्होंने आगे कहा कि संसद जनता और सरकार के बीच की कड़ी है तथा आम जनता के जीवन में सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन का सबसे महत्वपूर्ण अंग है।

डिजिटल कार्यप्रणाली से लाभ
संसद में कार्यरत अधिकारीयों एवं कर्मचारियों की भूमिका की सराहना करते हुए बिरला ने कहा कि वे संसद के कार्यों में नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप जनप्रतिनिधियों का सहयोग करते हैं, जिससे जनप्रतिनिधि अपने कर्तव्यों का सुचारू रूप से निर्वहन करते हैं। बिरला ने हर्ष व्यक्त करते कहा कि भारतीय संसद की डिजिटल लाइब्रेरी से सिर्फ सांसदों को नहीं बल्कि आम जनता को भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संसद की कार्यप्रणाली को मुख्यतः डिजिटल बना दिया गया है। अंत में बिरला ने आशा व्यक्त की कि प्रतिनिधिमंडल का भारत में संक्षिप्त प्रवास सुखद और सफल सिद्ध होगा।
