करियरट्रेंडिंगदिल्ली-एनसीआरदेशराजनीतिव्यापारशिक्षास्वास्थ्य

राष्ट्रपति ने बताया-पिछले दस साल में कैसे बदली देश की तस्वीर

राष्ट्रपति अभिभाषण के साथ शुरु हुआ संसद का बजट सत्र

सरकार ने वैश्विक संकटों के बावजूद देश में काबू रखी महंगाई
LP Live, New Delhi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के बजट सत्र के पहले दिन लोक सभा और राज्य सभा की संयुक्त बैठक मे मोदी सरकार की पिछले दस साल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में कोरोना जैसे वैश्विक संकटों के बावजूद सरकार ने महंगाई को काबू रखा। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व में तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्था बनता जा रहा है।

नए संसद भवन में लोकसभा कक्ष में आयोजित दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अभिभाषण के दौरान बताया कि पिछले दस साल में देश किस तेजी से विकसित देश बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और बड़ी अर्थव्यवस्था के साथ देश को उस मुकाम तक पहुंचाने का काम हो रहा है, जिसकी तरफ पूरी दुनिया देख रही है। उन्होंने कहा कि भारत में पिछले 10 वर्षों में भारत ने राष्ट्र-हित में ऐसे अनेक कार्यों को पूरा होते हुए देखा है, जिनका इंतजार देश के लोगों को दशकों से था। श्रीराम मंदिर के निर्माण की आकांक्षा सदियों से थी,जो आज सच हो चुका है। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद-370 को हटाने को लेकर शंकाएं थी,जो आज इतिहास हो चुकी है और इसी संसद ने तीन तलाक के विरुद्ध कड़ा कानून बनाया है।

अमृतकाल में मिटे गुलामी के चिन्ह
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आजादी के अमृत काल की शुरुआत में यह भव्य संसद भवन बना है। यहां एक भारत श्रेष्ठ भारत की महक भी है। भारत की सभ्यता और संस्कृति की चेतना भी है। उन्होंने 25 करोड़ देशवासियों के गरीबी रेखा से बाहर निकलने की बात कहते हुए कहा कि हम सभी बचपन से गरीबी हटाओ के नारे सुनते आ रहे थे। अब हम जीवन में पहली बार बड़े पैमाने पर गरीबी को दूर होते देख रहे हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि आज अर्थव्यवस्था के विभिन्न आयामों को देखें तो यह विश्वास बढ़ता है कि भारत सही दिशा में है तथा सही निर्णय लेते हुए आगे बढ़ रहा है। इस दशक में सरकार ने सुशासन और पारदर्शिता को हर व्यवस्था का मुख्य आधार बनाया है। भारत में बिजनेस करने को लगातार आसान बनाया जा रहा है, इज ऑफ डूइंग बिज़नेस में लगातार सुधार हो रहा है।एमएसएमई और लघु उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम हो रहा है। डिजिटल इंडिया के क्षेत्र में किए गए सबसे बड़े रिफार्म का परिणाम सामने आ रहा है और आज दुनिया के कुल रियल टाइम डिजिटल लेन-देन का 46 प्रतिशत भारत में होता है।

चार स्तंभो के सशक्तिकरण पर बल
उन्होंने कहा कि सरकार मानती है कि विकसित भारत की भव्य इमारत 4 मज़बूत स्तंभों पर खड़ी होगी। ये स्तंभ हैं जिनमें युवाशक्ति, नारीशक्ति, किसान और गरीब। इसलिए इन 4 स्तंभों को सशक्त करने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर चल रही सरकार समाज के हर वर्ग को उचित अवसर देने में जुटी है। आंतरिक शांति के लिए सरकार के प्रयासों के सार्थक परिणाम का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आतंकवाद हो या विस्तारवाद, हमारी सेनाएं आज ‘जैसे को तैसा’ नीति के तहत जवाब दे रही है। आज जम्मू कश्मीर में सुरक्षा का वातावरण है। आज वहां हड़ताल का सन्नाटा नहीं है, भीड़ भरे बाजार की चहल-पहल है। नॉर्थ ईस्ट में अलवागववद की घटनाओं में कमी आई है।

भारत के हितों में आई मजबूती
राष्ट्रपति ने वैश्विक विवादों और संघर्षों के दौर में भी भारत सरकार द्वारा भारत के हितों को मजबूती से दुनिया के सामने रखने का दावा करते हुए कहा कि सरकार ने दुनिया भर में काम कर रहे भारतीयों में नया भरोसा जताया है। ऑपरेशन गंगा, ऑपरेशन कावेरी और वंदे भारत जैसे अभियान चलाकर जहां-जहां संकट आया, वहां-वहां से हर भारतीय को तेजी से सुरक्षित वापस लेकर आई।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button