देशराजनीति

राष्ट्रपति के अभिभाषण से शुरू हुआ संसद का बजट सत्र

देश में गरीबों को मिल रहा है जनकल्याण और विकास की योजनाओं का लाभ:मुर्मू

बुधवार को वित्तमंत्री सीतारमण पेश करेंगी आम बजट
LP Live, New Delhi:  संसद के बजट सत्र की शुरुआत केंद्रीय कक्ष में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से हुई। एक फरवरी बुधवार को केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में आम बजट 2023-24 पेश करेंगी। जबकि आज उन्होंने दोनों सदनों में आर्थिक सर्वे पेश किया है। संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्र सरकार की योजनाओं को देश को समृद्ध और सशक्त होने का सबब बताया।

गरीब हितैषी सरकार की बनी पहचान
संसद के केंद्रीय कक्ष में मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में सांसदों को संबोधित करते हए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं को गुलामी के हर निशान, हर मानसिकता से मुक्ति दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत का जिक्र किया। वहीं उन्होंने कहा कि सरकार ने महज तीन साल में देश में करीब करीब 11 करोड़ परिवारों को नल कनेक्शन से जलापूर्ति मुहैया कराई है, जिसका सबसे ज्यादा लाभ गरीब परिवारों को मिल रहा है। उन्होंने सरकार की पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना को एक संवेदनशील और गरीब-हितैषी सरकार की पहचान करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता में देश के 11 करोड़ छोटे किसानों को सशक्त और समृद्ध करने का प्रयास कर रही है। इसी प्रकार उन्होंने जनधन-आधार-मोबाइल से फर्जी लाभार्थियों को हटाने से लेकर वन नेशन वन राशन कार्ड तक, एक बहुत बड़ा स्थाई सुधार भी देशहित में बताया। उन्होंने कहा कि वहीं पहले टैक्स रिफंड के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। आज आईटीआर भरने के लिए कुछ ही दिनों के भीतर रिफंड मिल जाता है। यही नहीं आज जीएसटी से पारदर्शिता के साथ-साथ करदाताओं की गरिमा भी सुनिश्चित हो रही है। इस सरकार के आने के बाद भारत में गरीबों के लिए औसतन हर रोज आवास योजना के 11 हजार घर बने। इसी अवधि में भारत में हर रोज औसतन ढाई लाख लोग ब्रॉडबैंड कनेक्शन से जुड़े। वहीं हर रोज 55 हजार से ज्यादा गैस कनेक्शन दिए गए।

विकास के पथ पर देश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने देश के करोड़ों गरीबों को और गरीब होने से बचाया है, उनके 80 हजार करोड़ रुपए खर्च होने से बचाए हैं। नेशनल हाइवे नेटवर्क में भी पिछले आठ वर्षों के दौरान 55 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 2014 से पहले जहां देश में कुल लगभग 725 विश्वविद्यालय थे, वहीं बीते केवल आठ वर्षों में 300 से अधिक नए विश्वविद्यालय बने हैं। बीते आठ वर्षों में देश में मेट्रो नेटवर्क में तीन गुना से अधिक बढ़ोतरी हुई है। वहीं भारतीय रेलवे दुनिया का सबसे बड़ा बिजली से चलने वाला रेलवे नेटवर्क बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। राष्ट्रपति ने कहा कि अर्थव्यवस्था को गति देने वाले कॉरिडोर की संख्या 6 से बढ़कर 50 होने वाली है। देश का एविएशन सेक्टर भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं साल 2014 तक जहां देश में एयरपोर्ट्स की संख्या 74 थी, वह अब बढ़कर 147 हो गई है। राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार की नई पहल के परिणामस्वरूप हमारा रक्षा निर्यात छह गुना हो गया है। राष्ट्रपति ने कहा कि मुझे गर्व है कि हमारी सेना में आज आईएनएस विक्रांत के रूप में पहला स्वदेशी एयरक्रा़फ्ट कैरियर भी शामिल हुआ है। भारत ने पहला प्राइवेट सैटेलाइट भी लॉन्च किया है।

महिलाओं का सशक्तिकरण
राष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि किसी भी काम, किसी भी कार्यक्षेत्र में महिलाओं के लिए कोई बंदिश न हो। इसलिए माइनिंग से लेकर सेना में अग्रिम मोचरें तक, हर सेक्टर में महिलाओं की भर्ती को खोल दिया गया है। ये मेरी सरकार ही है जिसने मातृत्व अवकाश को 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह किया है। इसके अलावा सरकार के दृढ़संकल्प से जहां आज एक तरफ देश में अयोध्या धाम का निर्माण हो रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ आधुनिक संसद भवन भी बन रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ हमने केदारनाथ धाम, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल महालोक का निर्माण किया, तो वहीं हर जिले में सरकार मेडिकल कॉलेज भी बनवा रही है।

आप व बीआरएस ने किया बॉयकाट
संसद के बजट सत्र के पहले दिन आम आदमी पार्टी और बीआरएस ने राष्ट्रपति के अभिभाषण का बायकॉट किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में सरकार की लिखी घोषणाएं, झूठे दावे, वादे होते हैं। मोदी देश की करोड़ों आदिवासी महिलाएं जो सब्जी बेचती हैं, एसबीआई और एलआईसी में पैसा जमा करती हैं, तो वह सारे आपसे जवाब मांग रहे हैं। इसी वजह से हमने राष्ट्रपति के अभिभाषण का बायकाट किया है।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button