
लोकपथ लाइव, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आगामी पेराई सत्र 2026-27 का कार्य औपचारिक रूप से प्रारम्भ हो चुका है। प्रदेश में गन्ना खरीद एवं आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कुल 33 चीनी मिलों ने अपना गन्ना इंडेंट जारी कर दिया है।
गन्ना विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश की 09 चीनी मिलों ने गन्ना पेराई का कार्य शुरू कर दिया है। इन संचालित मिलों में सहकारी क्षेत्र की 01 और निजी क्षेत्र की 08 चीनी मिलें शामिल हैं। परिक्षेत्रवार बात करें तो सहारनपुर परिक्षेत्र की 03, मेरठ परिक्षेत्र की 01, मुरादाबाद परिक्षेत्र की 02 और लखनऊ परिक्षेत्र की 03 चीनी मिलों ने पेराई कार्य का श्रीगणेश कर दिया है।
इसके अतिरिक्त, प्रदेश की अन्य चीनी मिलों ने भी पेराई सत्र शुरू करने की सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। कुल 24 अन्य चीनी मिलों द्वारा गन्ना खरीद हेतु इंडेंट जारी कर दिया गया है, जिनका संचालन दीपावली से पूर्व शुरू होना प्रस्तावित है। वहीं, शेष बची हुई चीनी मिलें दीपावली के पावन पर्व के पश्चात अपना पेराई सत्र आरंभ करेंगी।
गेहूं की समय से बुआई में मिलेगी मदद: चीनी मिलों के समय से संचालन शुरू होने से किसानों को अपने खेत समय पर खाली मिलने में आसानी होगी, जिससे वे आगामी गेहूं की फसल की बुआई समय से कर सकेंगे। विभाग ने सभी चीनी मिल प्रबंधनों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने आवंटित क्रय केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें।
Post Views: 119












Total views : 449473