दिल्ली में खतरे के निशान के पार पहुंचा यमुना का जल स्तर
गृह मंत्री अमित शाह से मिले उप राज्यपाल सक्सेना


मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भी की आपात बैठक
LP Live, New Delhi: दिल्ली समेत आसपास के राज्यों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण दिल्ली में चौतरफा पानी ही पानी नजर आ रहा है। यमुना का जल स्तर भी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते जलभराव की स्थिति के मद्देनजर दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करके इस मामले पर चर्चा की।
दिल्ली में लगातार बारिश के कारण मुख्य मार्गो पर भी जल भराव की समस्या बनी हुई है। इस जल भराव का कारण समय रहते नदी नालों की सफाई न होना माना जा रहा है। उधर दिल्ली में यमुना नदी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हालांकि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का दावा है कि बारिश और जल भराव पर सरकार की नजर है। जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उप राज्यपाल वीके सक्सेना से दिल्ली के हालातों को लेकर रिपोर्ट मांगी है, वहीं बारिश को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी आपात बैठक की। दिल्ली में भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर के पार पहुंचने के कारण यमुना बाजार की झुग्गियों में पानी घुस गया है। झुग्गियों में पानी घुसने से वहां रह रहे लोगों का बुरा हाल हो रहा है। यमुना के जलस्तर बढ़ने से आसपास में रहने वाले लोगों में डर का माहौल स्थापित हो गया है।

बाढ़ के आसार नहीं: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारी बारिश को लेकर बैठक करने के बाद कहा कि दिल्ली में 8 और 9 जुलाई को 153 मिमी बारिश हुई। दिल्ली के सिस्टम ऐसी अभूतपूर्व बारिश को झेलने के लिए डिजाइन नहीं किए गए हैं, इसलिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली सरकार भी हाई अलर्ट पर है। जैसे ही यमुना का जलस्तक 206 मीटर पार कर जाएगा, तुरंत ही यमुना किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि यमुना का चेतावनी मार्क 204.50 मीटर कम है। वहीं खतरे का निशान 205.33 मीटर है।
