केंद्र ने हरियाणा को दी 6,600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
मोदी और मनोहर की जोड़ी ने हरियाणा को बनाया एक नंबर: अमित शाह


LP Live, FARIDABAD। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने फरीदाबाद में आयोजितजन उत्थान रैली के दौरान 6,600 करोड़ रुपये से अधिक लागत की चार परियोजनाओं के उदघाटन और शिलान्यास किए। उन्होंने मनोहर सरकार के आठ साल के कार्यकाल को सराहते हुए कहा कि मोदी व मनोहर की जोड़ी ने हरियाणा का नंबर एक बना दिया है।
यहां एक कार्यक्रम में अमित शाह ने लगभग 5,618 करोड़ रुपये लागत की हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना का शिलान्यास, सोनीपत जिला के बड़ी में बने 590 करोड़ रुपये लागत के रेल कोच नवीनीकरण कारखाने तथा गुरुग्राम के भोंडसी में 106 करोड़ रुपये की लागत के हरियाणा पुलिस आवास परिसर का उद्घाटन किया। वहीं उन्होंने 315 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से रोहतक में बने देश के पहले सबसे लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण भी किया। हरियाणा में विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद अमित शाह ने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कामकाज की खूब सराहना की। अमित शाह ने हरियाणा सरकार के 8 साल पूरा होने पर कहा कि मनोहर लाल ने 8 साल का कार्यकाल बहुत यशस्वी तरीके से पूरा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने 8 साल में हरियाणा को बदलने का काम किया है। मनोहर लाल के रूप में आजादी के बहुत समय के बाद पूरे हरियाणा को एक मुख्यमंत्री मिला है। अमित शाह ने कहा कि 8 साल पहले का हरियाणा याद करें तो एक सरकार में भ्रष्टाचार होता था तो दूसरी सरकार में गुंडागिरी। इस सरकार ने भ्रष्टाचार और गुंडागिरी को खत्म किया और ईमानदारी के साथ विकास के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए हरियाणा को शिखर तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल ने सभी वर्गों की चिंता की है। अमित शाह ने कहा पिछली सरकारों से तुलना करते हुए कहा कि 50 साल की सरकारों पर प्रदेश में 8 साल की भाजपा सरकार का पलड़ा भारी है। इससे पहले भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने फूल माला तथा शॉल भेंट कर अमित शाह का अभिनंदन किया। इसके साथ ही केंद्रीय रेल एवं संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव का शॉल भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, भाजपा हरियाणा प्रभारी बिप्लब देब, सांसद, विधायक व केंद्र और प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मनोहर लाल की थपथपाई पीठ
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पिछले 8 साल में हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और मुख्यमंत्री सहित उनकी पूरी टीम को शाबाशी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा पहला राज्य है जो धुंआ मुक्त बना है। हरियाणा में हर घर में गैस का चूल्हा है। वहीं खाद्यान्न और दुग्ध उत्पादन में हरियाणा दूसरे स्थान पर है। नेशनल गेम्स और ओलंपिक में हरियाणा पहले स्थान पर रहा है। हरियाणा देश का पहला पढ़ी लिखी पंचायतों वाला राज्य बना है। यही नहीं पूरा हरियाणा खुले में शौच मुक्त है और 6 प्रतिशत से अधिक की विकास दर के साथ हरियाणा हर क्षेत्र में आगे रहा है। अमित शाह ने कहा कि 10 साल पहले सॉफ्टवेयर निर्यात में हरियाणा का नाम तक नहीं था लेकिन आज हरियाणा दूसरे नंबर का राज्य बना है। सड़क पर चलने वाली हर दूसरी गाड़ी हरियाणा में बनती है। हरियाणा सरकार ने पिछले 8 वर्षों में 98000 लोगों को सरकारी नौकरी देने का काम किया है। प्रदेश में लिंगानुपात में भी खासा सुधार हुआ है।
चिंतन शिविर का उद्घाटन
अमित शाह ने फरीदाबाद में इस आयोजित भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर का उद्घाटन भी किया, जिसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसमें प्रमुख रुप से हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने अपने संबोधन में हरियाणा आगमन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विभिन्न राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री व अन्य डेलिगेट्स के स्वागत किया।
