
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार परीक्षा का आयोजन 2 से 4 जुलाई 2026 के बीच तीन दिनों में पांच पालियों में किया गया था। प्रदेश के 60 जनपदों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा के लिए कुल 19,94,661 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।


प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) की परीक्षा में शामिल 7,13,648 अभ्यर्थियों में से 80.07 प्रतिशत यानी 5,71,435 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) में शामिल 10,57,021 अभ्यर्थियों में से 71.85 प्रतिशत यानी 7,59,513 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस तरह दोनों स्तरों पर कुल 13.30 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।

कार्यरत शिक्षकों के परिणाम में भी प्राथमिक स्तर पर परीक्षा देने वाले 1,22,405 शिक्षकों में से 93,387 यानी 76.29 प्रतिशत तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर शामिल 1,46,394 शिक्षकों में से 1,13,384 यानी 77.45 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल रहे। आयोग ने बताया कि विज्ञापन में पूर्व निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन (नॉर्मलाइजेशन) प्रक्रिया के आधार पर परिणाम तैयार किया गया है।
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि करीब 20 लाख अभ्यर्थियों वाली इस बड़ी परीक्षा को निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ कराया गया। अभ्यर्थी अपना परिणाम उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।












Total views : 404810