पुलिस भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन मुज़फ्फरनगर से दो गिरफ्तार
गिरफ्तार युवक मेरठ और बुलंदशहर के रहने वाले हैं।


फर्जी अभिलेखों पर परीक्षा देने आए दो अभ्यार्थी गिरफ्तार
LP Live, Muzaffarnagar: फर्जी अभिलेखों के आधार पर पुलिस आरक्षी भर्ती में परीक्षा देने आए दो अभ्यार्थियों को मुज़फ्फरनगर में गिरफ्तार कर लिया है। उम्र की समय सीमा समाप्त होने पर दोनों अभ्यार्थियों ने फर्जी आधार कार्ड बनाकर दोबारा हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा दी थी। दोनों अभ्यार्थियों को गांधी पॉलिटेक्निक परीक्षा केन्द्र से गिरफ्तार किया गया है। केन्द्र व्यवस्थापक की तहरीर पर दोनों के खिलाफ नई मंडी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गयी है।

मुज़फ्फरनगर में शनिवार को पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का अंतिम दिन था। जनपद में बनाए गए सभी 16 परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भ्रमणशील रहे। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा की द्वितीय पाली में गांधी पॉलिटेक्निक परीक्षा केन्द्र पर अभ्यार्थी जितेन्द्र कुमार निवासी इकबारा थाना हस्तिनापुर जनपद मेरठ व हरिओम निवासी गांव असरौली थाना अहमदगढ जनपद बुलंदशहर के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की मार्कशीट में गडबडी मिली। गहनता से दोनों मामलो में जांच कराई गयी। उसके बाद दोनों अभियर्थियों ने पूछताछ में बताया कि उनकी आयु की सीमा समाप्त हो गयी थी। इस कारण वे पुलिस भर्ती परीक्षा मे सम्मिलित नहीं हो सकते थे। इस कारण उन्होंने दस्तावेजों से छेड़छाड कर दोबारा उम्र कम दर्शाकर फर्जी आधार कार्ड बनवाए। उसके बाद दोबारा से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। जांच में उनकी ईकेवाईसी के दौरान दस्तावेजों का मिलान नही हुआ और आधार कार्ड में आयु अलग-अलग मिली। जिसके बाद दोनों अभ्यार्थियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गयी है। बता दे कि शुक्रवार को भी फर्जी अभिलेखों के आधार पर परीक्षा देने वाले दो अभ्यार्थियों को जनपद में गिरफ्तार किया गया था।
