
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। श्री गिरधारी लाल जैन मेमोरियल पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में प्रेमपुरी स्थित जैन औषधालय में पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग व मिनी साइंस एग्जीबिशन सफल एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुई। मिनी साइंस एग्जीबिशन में विद्यार्थियों ने नवाचार की अद्भुत झलक दिखाई।
शनिवार हुई मिनी साइंस एग्जीबिशन सायं 5 बजे तक उत्साहपूर्वक आयोजित की गई, जिसमें हजारों की संख्या में अभिभावकों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की । स्कूल के 150 छात्र-छात्राओं ने विज्ञान आधारित एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट मॉडल, प्रयोग एवं प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता, रचनात्मकता एवं नवाचार की भावना प्रत्येक प्रस्तुति में स्पष्ट रूप से दिखाई दी। बच्चों ने अपने मॉडलों की व्याख्या पूरे आत्मविश्वास एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति के साथ की, जिससे अभिभावक अत्यंत प्रभावित हुए। विशेष रूप से यूकेजी के नन्हें विद्यार्थियों की सुंदर, सुस्पष्ट एवं आकर्षक हैंडराइटिंग सभी का ध्यान आकर्षित कर रही थी। इतनी कम आयु में उनकी लेखन-कला सराहनीय रही। वहीं बच्चों द्वारा प्रस्तुत मेहंदी आर्ट अत्यंत मनोहारी, संतुलित एवं कलात्मक थी, जिसकी उपस्थित अभिभावकों ने खुलकर प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की बोलने की कला, मंच संचालन क्षमता एवं विषय की गहन समझ अत्यंत प्रभावशाली रही। स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के आयोजन में प्रधानाचार्या अलका जैन ,गंधर्व गौतम जैन, वृंदा जैन , अमिता व राखी जैन आदि का विशेष योगदान रहा।



प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण रहा खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर टेस्टिंग
प्रदर्शनी का एक प्रमुख आकर्षण खाद्य पदार्थों में मिलावट से बचाव विषय पर आधारित मॉडल एवं लाइव टेस्टिंग प्रदर्शन रहा। विद्यार्थियों ने सरल एवं घरेलू तरीकों से यह प्रदर्शित किया कि दूध, हल्दी, मिर्च, नमक आदि खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान कैसे की जा सकती है। बच्चों ने जंक फूड के दुष्प्रभावों को भी वैज्ञानिक तथ्यों के माध्यम से समझाया तथा अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से जन-जागरूकता का संदेश दिया।
Post Views: 21











Total views : 211613