
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा ने तबाही मचा दी है। कई लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है, जबकि बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। इसी बीच भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष राकेश टिकैत भी नेपाल में फंस गए हैं। टिकैत ने खुद वीडियो जारी कर नेपाल में बने भयावह हालात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को नेपाल में आई त्रासदी के बीच वह और उनके साथ आया डेलीगेशन पोखरा में फंस गया, हालांकि सभी लोग सुरक्षित हैं।


वीडियो में राकेश टिकैत ने बताया कि मौजूदा समय में वह पोखरा में हैं और सुरक्षित हैं। उनके साथ डेलीगेशन में करीब 8 से 9 लोग आए थे और सभी की स्थिति सामान्य है। बाढ़ और खराब हालात को देखते हुए उन्हें अपनी गाड़ियां वहीं छोड़नी पड़ी हैं। टिकैत ने कहा कि अब वह नेपाल से निकलने की तैयारी कर रहे हैं। योजना के मुताबिक वह अगले दिन फ्लाइट से काठमांडू जाएंगे और वहां से दिल्ली पहुंचेंगे।

नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा के बीच भारतीय नागरिकों के भी प्रभावित होने की खबर है। बताया जा रहा है कि करीब 105 भारतीय नागरिक लापता हैं, हालांकि इस आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। टिकैत ने अपने वीडियो के जरिए लोगों को अपनी कुशलता की जानकारी देते हुए बताया कि वह फिलहाल सुरक्षित स्थान पर हैं और डेलीगेशन के सभी सदस्य भी सुरक्षित हैं।












Total views : 404891