
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के होनहार छात्र स्वास्तिक भारद्वाज ने देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के एमटेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। स्वास्तिक ने इस कठिन परीक्षा और साक्षात्कार (इंटरव्यू) में देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है।


स्वास्तिक के पिता विशाल भारद्वाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मखियाली में वरिष्ठ फार्मासिस्ट के पद पर तैनात हैं। बेटे की इस शानदार सफलता पर शुक्रवार को उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया से मुलाकात की। सीएमओ ने स्वास्तिक की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मिठाई खिलाकर उनका हौंसला बढ़ाया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वास्तिक ने अपनी प्रारंभिक और स्कूली शिक्षा मुजफ्फरनगर के ही शारदेन स्कूल से पूरी की है। उनकी इस बड़ी कामयाबी से परिवार, गुरुजनों और पूरे जनपद में हर्ष का माहौल है तथा उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।













Total views : 368377