
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड्स की जनपद स्तरीय कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को वैदिक पुत्री पाठशाला कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित की गई। जिला मुख्यायुक्त डॉ. कंचन प्रभा शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान स्काउट-गाइड के प्रशिक्षण शिविरों, रैलियों और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. कंचन प्रभा शुक्ला ने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे प्रदेश द्वारा आयोजित एडवेंचर, नेचर स्टडी और ट्रेकिंग कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कराएं। उन्होंने आगामी सत्र के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की।
संगठन के विस्तार और मजबूती पर जोर देते हुए बैठक में यह भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को स्काउट-गाइड से जोड़ने के लिए एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही, जिले के सभी विद्यालयों में नियमित रूप से स्काउट-गाइड गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर जिला आयुक्त (वरिष्ठ संसाधन स्काउट) संतोष वर्मा, जिला आयुक्त स्काउट विजय कुमार शर्मा, जिला आयुक्त गाइड राजेश कुमारी, जिला आयुक्त बुलबुल मीरा शर्मा, जिला आयुक्त रोवर-रेंजर डॉ. मुकेश चंद त्यागी व सुषमा सैनी, सहायक आयुक्त संजय राणा, अनुराग जैन, अजय कुमार, प्रवीण कुमार शर्मा, चंद्रमोहन शर्मा, गजेंद्र पाल, प्रमेश कुमारी, जिला सचिव अनिल कौशिक, जिला कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा, सुनीत कुमार, जिला प्रशिक्षण आयुक्त आनंद मालियान, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट/गाइड) भारत भूषण अरोरा, जिला गाइड आयुक्त प्रभा दहिया, जिला आई.टी. प्रभारी अनुज कुमार और जिला ट्रेनिंग काउंसलर ज्योति, साक्षी, नैना, शिवानी व अरुण धीमन सहित हिदायतुल्ला खान उपस्थित रहे। इनके अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन भी बैठक में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में जिला आयुक्त गाइड राजेश कुमारी और जिला सचिव अनिल कौशिक ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के उपरांत बैठक का समापन किया गया।
Post Views: 80













Total views : 308798