
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में मुजफ्फरनगर जनपद के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। इस वर्ष के नतीजों में जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में जनपद का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। जहाँ हाईस्कूल में वंश सैनी ने पूरे प्रदेश में अपनी धाक जमाई है, वहीं इंटरमीडिएट के छात्रों ने भी जिले की शैक्षिक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया है।


हाईस्कूल में वंश सैनी का जलवा, प्रदेश में मिली 6वीं रैंक: हाईस्कूल परीक्षा में कुंवर जगदीश प्रसाद सरस्वती इंटर कॉलेज के मेधावी छात्र वंश सैनी ने 96.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। वंश की यह उपलब्धि अत्यंत गौरवपूर्ण है क्योंकि उन्होंने उत्तर प्रदेश की मेरिट सूची में छठी रैंक प्राप्त कर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। इसके साथ ही, सरस्वती शिशु मंदिर केशवपुरी की छात्रा पलक सैनी 94.33 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में दूसरे स्थान पर रही हैं, जबकि आर्य एकेडमी शाहपुर की छात्रा सिया ने 93.63 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया है।


इंटरमीडिएट में आर्यन पुंडीर रहे जिले के टॉपर: इंटरमीडिएट की परीक्षा में दयानंद गुरुकुल इंटर कॉलेज बिरालसी के छात्र आर्यन पुंडीर ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 90.40 प्रतिशत अंकों के साथ जिले की टॉपर्स सूची में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस कड़ी में जनता इंटर कॉलेज भोपा की छात्रा सानवी 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रही हैं, और लाला जगदीश प्रसाद इंटर कॉलेज के छात्र हर्षित जैन ने भी 90 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
जिले को मिली 19वीं रैंक, शिक्षकों और अभिभावकों में उत्साह मुजफ्फरनगर के लिए यह दोहरी खुशी का अवसर है कि जनपद ने प्रदेश की रैंकिंग में 19वाँ स्थान प्राप्त कर अपनी शैक्षिक प्रगति को सिद्ध किया है। रिजल्ट घोषित होते ही जनपद के विद्यालयों में उत्सव का माहौल रहा। शिक्षकों ने मिठाई खिलाकर और एक-दूसरे को बधाई देकर इस सफलता का जश्न मनाया। सभी टॉपर्स ने अपनी इस शानदार उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन, माता-पिता के सहयोग और अपने कठिन परिश्रम को दिया है। जनपद की इस सफलता से पूरे शिक्षा जगत में हर्ष की लहर है।











Total views : 292669