
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच परिषदीय विद्यालयों के खुलने के बाद अब उनके समय को बदलने की मांग तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष ऊषा चौहान व महामंत्री रश्मि मिश्रा ने लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए बीएसए संदीप कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ज्ञापन सौंपकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को इस जानलेवा गर्मी से बचाने के लिए स्कूलों के समय में तत्काल परिवर्तन करने की मांग की है।
महिला शिक्षक संघ की महामंत्री रश्मि मिश्रा ने बीएसए को बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म होने के बाद वर्तमान में परिषदीय विद्यालयों के संचालन का समय सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित है। इस समय दोपहर 12 बजे के बाद सूरज की तपिश इतनी भीषण हो जाती है कि विद्यालयों की छतें और दीवारें अत्यधिक तपने लगती हैं, जिससे कक्षाओं के भीतर का तापमान सामान्य से कहीं ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसे दमघोंटू माहौल में न तो बच्चे पढ़ पा रहे हैं और न ही शिक्षक पढ़ा पा रहे हैं। इसके साथ ही अधिकांश स्कूलों में विद्युत व्यवस्था भी पूरी तरह से लड़खड़ाई हुई है। अघोषित बिजली कटौती के कारण उमस और गर्मी से छोटे-छोटे बच्चों का हाल बेहाल है। ऐसी स्थिति में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में हीट वेव , डिहाइड्रेशन और अन्य मौसमी बीमारियों की चपेट में आने का खतरा बहुत अधिक बढ़ गया है। बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए महिला शिक्षक संघ ने मांग की है कि दोपहर की चिलचिलाती धूप से पहले ही स्कूलों की छुट्टी सुनिश्चित की जाए और विद्यालय के समय को घटाकर सुबह जल्दी का किया जाए। बीएसए संदीप कुमार ने इस गंभीर मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
Post Views: 228













Total views : 353688