
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने सोमवार रात एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने संधावली अंडरपास के पास मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान रक्षित त्यागी उर्फ दक्ष (पुत्र स्व. विक्की त्यागी) और ऋतिक त्यागी उर्फ गोलू के रूप में हुई है।
घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना सिविल लाइन प्रभारी आशुतोष कुमार की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की नेक्सॉन गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर गाड़ी अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
इंदौर से लाते थे हथियारों की खेप
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल (32 बोर), 02 तमंचे (315 बोर), भारी मात्रा में कारतूस और एक बिना नंबर की टाटा नेक्सॉन गाड़ी बरामद की है। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे इंदौर से कम दामों में हथियार लाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में महंगे दामों पर बेचते थे। रक्षित त्यागी पर हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 12 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि ऋतिक त्यागी भी शातिर अपराधी है।
अस्पताल में भर्ती, विधिक कार्रवाई जारी
घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि रक्षित त्यागी पूर्व में भी कई मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। इस साहसिक कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम की उच्चाधिकारियों ने सराहना की है।
Post Views: 190













Total views : 229386