
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में बुनियादी साक्षरता और पूर्व अंकीय दक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय ‘हमारा आंगन-हमारे बच्चे’ उत्सव कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद् की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, डायट प्राचार्य विश्वदीपक त्रिपाठी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सन्दीप कुमार ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि देश के भविष्य को संवारने के लिए पूर्व प्राथमिक शिक्षा का सुदृढ़ीकरण और समुदाय में जागरूकता अनिवार्य है। उन्होंने जोर दिया कि बालवाटिका के माध्यम से ही बच्चों की नींव मजबूत की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 सुपरवाइजर्स, 10 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, कक्षा-1 के 10 शिक्षकों, 10 नोडल संकुल शिक्षकों और 10 शिक्षा मित्रों को उनके सराहनीय योगदान व नवाचार के लिए उपहार देकर सम्मानित किया गया। नन्हे बच्चों को एजुकेशनल किट भी वितरित की गई।
BSA सन्दीप कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि जनपद को ‘निपुण’ बनाने का लक्ष्य 5 से 8 वर्ष के बच्चों के माध्यम से प्राप्त किया जाना है। इसमें बालवाटिका (5-6 वर्ष) और कक्षा 1 व 2 के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नोडल SRG रश्मि मिश्रा ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रेरित करते हुए ‘चहक’, ‘वन्डर बॉक्स’ और ‘माता उन्मुखीकरण’ जैसे कार्यक्रमों की महत्ता पर प्रकाश डाला। अंत में जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) सुशील कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन रश्मि मिश्रा द्वारा किया गया, जिसमें SRG उषा रानी, विनीत कुमार व अन्य एआरपी का विशेष सहयोग रहा।
Post Views: 124













Total views : 238409