
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल के निर्देश पर पटेल नगर की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिम्पल चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को एक विशेष योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर लगा। डीएवी इंटर कॉलेज के प्रांगण में चल रहे 82 बटालियन के वार्षिक एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के दौरान इसमें मुख्य योग प्रशिक्षक रवि कुमार और पूनम वर्मा द्वारा उपस्थित एनसीसी कैडेट्स को योगाभ्यास, आसन व प्राणायाम का गहन अभ्यास कराया गया। शिविर में योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न आसनों के शारीरिक व मानसिक लाभ बताते हुए कैडेट्स को दैनिक जीवन में एकाग्रता बढ़ाने के व्यावहारिक उपाय सिखाए।
इस अवसर पर उपस्थित एनसीसी कैडेट्स को प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रिम्पल चौधरी ने देश के भविष्य और युवाओं के उत्तम स्वास्थ्य पर जोर दिया। उन्होंने सभी कैडेट्स को संतुलित आहार-विहार, ऋतुचर्या और नियमित दिनचर्या के महत्व के विषय में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को मानसिक रूप से मजबूत रहने और शारीरिक दक्षता बढ़ाने के लिए दैनिक जीवन में योग व आयुर्वेद को अनिवार्य रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण शिविर के सफल आयोजन में 82 बटालियन के कर्नल प्रवीण भाल सहित अन्य सैन्य अधिकारियों का बेहद सराहनीय और अनुकरणीय योगदान रहा। इस भव्य योग सत्र में कुल लाभार्थी एनसीसी कैडेट्स की संख्या 450 दर्ज की गई। शिविर के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री अयूब भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने भी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।
Post Views: 120













Total views : 386007