
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। स्थानीय सीसीएस स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले जा रहे मुजफ्फरनगर प्रीमियर लीग-2 (MPL-2) के रोमांचक मुकाबले में मंगलवार को ऋतिक शर्मा के बल्ले ने जमकर आग उगली। मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस लीग मैच में टिहरी फाल्कन्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आरपीएल राइडर्स को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी।


राइडर्स का चुनौतीपूर्ण स्कोर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरपीएल राइडर्स की शुरुआत सधी हुई रही। ऋतिक अरोड़ा ने विपक्षी गेंदबाजों की क्लास लेते हुए मात्र 40 गेंदों में 64 रनों की आतिशी पारी खेली। मध्यक्रम में नितिन मिश्रा (28), आराध्या यादव (30) और सिद्धार्थ यादव (32) ने उपयोगी योगदान दिया, जिसकी बदौलत टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 174 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। फाल्कन्स की ओर से हिमेश कृष्णा और अजय कश्यप ने धारदार गेंदबाजी करते हुए महत्वपूर्ण समय पर विकेट चटकाए।

ऋतिक शर्मा का ‘वन मैन शो’ 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टिहरी फाल्कन्स की शुरुआत ठोस रही। सलामी जोड़ी और मध्यक्रम ने जीत की नींव रखी, लेकिन असली चमक ऋतिक शर्मा की बल्लेबाजी में दिखी। ऋतिक ने मैदान के चारों ओर शॉट्स खेलते हुए मात्र 39 गेंदों में नाबाद 73 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी ने मैच को पूरी तरह फाल्कन्स के पक्ष में झुका दिया।
कप्तान शिवम चौधरी (29), ओशो मोहन (35) और हिमेश कृष्णा (27) ने ऋतिक का बखूबी साथ निभाया। टिहरी फाल्कन्स ने 18.2 ओवर में ही 3 विकेट खोकर 178 रन बना लिए और जीत का परचम लहरा दिया। आरपीएल राइडर्स के गेंदबाज अब्दुल माजिद और आराध्या यादव प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। शानदार प्रदर्शन के लिए ऋतिक शर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया।











Total views : 222045