
लोकपथ लाइव, मुज़फ़्फ़रनगर: आगामी कांवड़ यात्रा-2026 की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। शहर के प्रसिद्ध नुमाइश मैदान में लगने वाले साप्ताहिक पैठ ‘मंगल बाज़ार’ को आगामी एक महीने के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर द्वारा जारी किए गए आदेश के मुताबिक, यह पाबंदी 14 जुलाई से शुरू होकर आगामी 11 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। हालांकि, इस आदेश की समय पर सटीक जानकारी न मिलने के कारण मंगलवार को नुमाइश मैदान में भारी असमंजस और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
सुबह दुकान सजाने पहुंचे व्यापारी, पुलिस ने आकर समेटवाया सामान
मंगल बाजार बंद होने की पूर्व सूचना छोटे पटरी दुकानदारों तक समय से नहीं पहुंच सकी। इसका नतीजा यह हुआ कि मंगलवार सुबह रोजी-रोटी की आस में दूर-दराज के जिलों व कस्बों से आए सैकड़ों रेहड़ी-पटरी और अस्थायी दुकानदार नुमाइश मैदान पहुंच गए और हमेशा की तरह अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दीं। अभी बाजार पूरी तरह सज भी नहीं पाया था कि सुबह करीब 11 बजे सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश का अनुपालन कराने सिविल लाइन थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी दुकानदारों को तुरंत अपनी दुकानें हटाने के निर्देश दिए। अचानक हुई इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया और भारी मन से सबको अपना सामान समेटकर वापस लौटना पड़ा। प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन इसी मार्ग से होना है, ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से घोषणा की है कि कांवड़ यात्रा की समाप्ति के बाद, यानी 11 अगस्त के बाद ही नुमाइश मैदान में साप्ताहिक मंगल बाजार का सुचारु संचालन दोबारा शुरू कराया जाएगा।
Post Views: 114












Total views : 371903