
होटल और रेस्तरां का बिगड़ेगा बजट, घरेलू रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली: 1 मई की सुबह व्यापारिक वर्ग के लिए बुरी खबर लेकर आई। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में ₹993 की ऐतिहासिक बढ़ोतरी कर दी है। इस वृद्धि के बाद देश की राजधानी दिल्ली में एक कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹3071.50 के स्तर पर पहुँच गई है।


1 मई से LPG बुकिंग के नए नियम
आज से घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भले ही इजाफा नहीं हुआ है, लेकिन 1 मई से LPG बुकिंग के नए नियम लागू हो गए हैं। अब शहरों में 25 दिन बाद ही सिलेंडर बुक किया जा सकेगा पहले यह अवधि 21 दिन थी। ग्रामीण इलाकों में अवधि 45 दिन कर दी गई है।यदि कोई व्यक्ति इस अवधि के पहले बुकिंग की कोशिश भी करेगा तो वह नहीं हो पाएगी, क्योंकि सिस्टम के द्वारा उसे ब्लॉक कर दिया जाएगा। सिलेंडर प्राप्त करने के लिए डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड भी अनिवार्य कर दिया गया है। ग्राहकों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर यह ओटीपी भेजा जाएगा जिसके आधार पर ही सिलेंडर की डिलीवरी होगी।

आम आदमी की रसोई सुरक्षित
राहत की बात यह है कि तेल कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। इसके साथ ही पेट्रोल और डीजल के दाम भी स्थिर रखे गए हैं। कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी अस्थिरता के बावजूद आम उपभोक्ताओं पर बोझ न डालने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
बाहर खाना होगा महंगा?
विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल गैस की कीमतों में इतनी बड़ी वृद्धि से होटल, कैफे और रेस्तरां की परिचालन लागत बढ़ेगी। आने वाले दिनों में बाहर खाना खाने या ऑनलाइन फूड ऑर्डर करना महंगा हो सकता है, क्योंकि वेंडर इस बढ़े हुए बोझ को ग्राहकों पर डाल सकते हैं।
आज आपके शहर में LPG सिलेंडर की कीमतें (14 किलोग्राम वाले )
नई दिल्ली– 913.00 रुपये
मुंबई– 912.50 रुपये
कोलकाता– 939.00 रुपये
चेन्नई – 928.50 रुपये
गुरुग्राम– 921.50 रुपये
नोएडा– 910.50 रुपये
बेंगलुरु – 915.50 रुपये
पटना– 1,002.50 रुपये











Total views : 297022