
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद में रसोई गैस की किल्लत की अफवाहों और सिलेंडर बुकिंग को लेकर मची मारामारी के बीच प्रशासन ने कालाबाजारी करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) ओम हरि वाजपेयी के निर्देशन पर नगर क्षेत्र के कुंदपुरा इलाके में आपूर्ति विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने यहाँ से 12 एलपीजी सिलेंडर ज़ब्त किए हैं।


क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक आशीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने कुंदनपुरा स्थित एक संदिग्ध दुकान पर औचक छापेमारी की। प्रशासन को सूचना मिली थी कि यहाँ अवैध रूप से गैस रिफिलिंग (Gas Refilling) का खेल चल रहा है और सिलेंडरों का अवैध स्टॉक जमा किया गया है। छापेमारी के दौरान मौके से 12 एलपीजी सिलेंडर और वजन करने वाला कांटा बरामद किया गया, जिसे टीम ने तुरंत जब्त कर लिया।

पूर्ति निरीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए विभाग 24 घंटे निगरानी कर रहा है। गैस की कमी की खबरों के बीच कुछ लोग आपदा में अवसर तलाश रहे हैं, जिन्हें कतई बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी अवैध रिफिलिंग या निर्धारित मूल्य से अधिक पर सिलेंडर बिक्री की शिकायत मिली, तो संबंधित के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।










Total views : 241316