
लोकपथ लाइव, (चरथावल) मुजफ्फरनगर। आगामी होली के त्योहार को देखते हुए आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद में ‘होली पर्व अभियान’ तेज कर दिया गया है। बुधवार 25 फरवरी 2026 को सहायक आयुक्त (खाद्य-II) अर्चना धीरान के नेतृत्व में विभाग की टीम ने कुल्हेड़ी, चरथावल और भैंसरेड्ड़ी क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान विभाग ने करीब 1.42 लाख रुपये की कीमत का दूषित खाद्य पदार्थ मौके पर ही नष्ट कराया और छह विधिक नमूने संग्रह कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
कुल्हेड़ी और चरथावल में बड़ी कार्रवाई: अभियान की शुरुआत ग्राम कुल्हेड़ी से हुई, जहां नदीम के ठिकाने पर निरीक्षण के दौरान अस्वस्थकर परिस्थितियों में रखा 250 किलोग्राम सफेद रसगुल्ला (कीमत लगभग 40 हजार रुपये) बरामद हुआ, जिसे जनहित में तुरंत नष्ट करा दिया गया। इसके बाद टीम कस्बा चरथावल पहुंची, जहां ‘राहत दवाखाना एंड ड्राई फ्रूट्स’ से खजूर और ‘क्लासिक स्वीट्स’ से मावा व बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए। यहां से 5 किलो मावा और 15 किलो लड्डू भी नष्ट कराए गए।
मावा भट्टियों पर चला चाबुक: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्राम भैंसरेड्ड़ी में अली नवाज और शाहनवाज की मावा भट्टियों पर छापा मारा। यहाँ भारी मात्रा में तैयार किया गया 280 किलोग्राम मावा (कीमत लगभग 1 लाख रुपये) असुरक्षित पाए जाने पर नष्ट किया गया। विभागीय टीम ने दोनों भट्टियों से मावे के सैंपल भी भरे हैं।
सहायक आयुक्त अर्चना धीरान ने बताया कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान होली तक लगातार जारी रहेगा। टीम में मुख्य रूप से खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार, वैभव शर्मा, पूनम कुमारी और डॉ. विशाल चौधरी शामिल रहे।
दिल्ली से मेरठ के बाद अब नमो भारत ट्रेन को दिल्ली-पानीपत-करनाल और अलवर तक दौड़ाने की तैयारी
Post Views: 98













Total views : 222960