
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर।मेरठ रोड स्थित आईटीआई सभागार में शनिवार को राज्यकर विभाग के तत्वावधान में व्यापारी संवाद कार्यक्रम हुआ। इस दौरान व्यापारियों ने जीएसटी विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपने समस्याएं रखी, जिनके निदान के साथ अधिकारियों ने व्यापारियों को राजस्व बढ़ाने सहित जीएसटी पंजीकरण व अन्य कार्यों में सरलीकरण के लिए सुझाव दिए।


आईटीआई सभागार में हुए व्यापारी संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ सीडीओ कमल किशोर कण्डारकर एवं संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्य कर राजनाथ तिवारी, एसआईबी सिद्धेश दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सीडीओ ने व्यापारियों से वार्ता करते हुए जीएसटी देकर आर्थिक रूप से देश को मजबूत बनाने में उनकी बड़ी भूमिका बताई। इस दौरान आइआए, एफएमसीआई, भट्टा यूनियन, गुड़-खाण्डसारी एसोसिएशन, विभिन्न व्यापार एवं उद्योग मण्डलों, टैक्स बार एसोसिएशन, सीए यूनियन ने कार्यक्रम में भाग लिया।

सभी अपने व्यापार और जीएसटी को लेकर अपने सवाल किए, जिसके सुझाव भी जीएसटी अधिकारियों ने व्यापारियों को दिए। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी मांगों को लेकर भी एक ज्ञापन अधिकारियों को दिया, जिसमें अधिकतर मांग जीएसटी कम करने की रखी गई।व्यापारी संवाद कार्यक्रम में विशेषज्ञ सत्रों के माध्यम से जीएसटी पंजीयन, रिटर्न दाखिल, टीडीएस, टीसीएस व्यवस्था, जीएसटी 2.0 सुधार, समाधान योजना, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना तथा ईंट भट्टों पर कर देयता से संबंधित विधिक प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त सिद्धेश चन्द्र दीक्षित ने मुख्य संवाद सत्र में व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान पर चर्चा की। कार्यक्रम में राज्य कर विभाग की ओर से अपर आयुक्त ग्रेड-2 अपील अरुण कुमार सिंह, संयुक्त आयुक्त (एसबाईबी) सिद्धेश चन्द्र दीक्षित सहित जनपद के समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहे। व्यापारियों में पवन गोयल, अभिषेक अग्रवाल, अश्वनी मित्तल आदि उद्यमी मौजूद रहे।











Total views : 241866